पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारत तैयार; ईंधन, फ्लाइट और सप्लाई सब कंट्रोल में, सरकार ने दी बड़ी जानकारी

Gaon Connection | Apr 29, 2026, 11:40 IST
Share
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत सरकार ने बड़ा अपडेट दिया है। देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। लोगों से घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की गई है। टेक्सटाइल और इंडस्ट्री सेक्टर को राहत देने के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं।
पश्चिम एशिया संकट पर सरकार अलर्ट
पश्चिम एशिया संकट पर सरकार अलर्ट
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने हालात को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। दिल्ली में हुई अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में साफ किया गया कि देश में पेट्रोल-डीजल, एलपीजी और गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। साथ ही टेक्सटाइल और इंडस्ट्री सेक्टर को राहत देने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए हैं, ताकि सप्लाई चेन और उत्पादन पर असर न पड़े।

ईंधन सप्लाई सामान्य, घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील

सरकार ने कहा कि मौजूदा हालात के बावजूद पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी की सप्लाई 100% जारी है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर खरीदारी न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। सरकार ने बताया कि सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है। एलपीजी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए उत्पादन बढ़ाया गया है और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक ईंधनों जैसे केरोसिन और कोयले की भी व्यवस्था की गई है।

टेक्सटाइल और हस्तशिल्प सेक्टर को बड़ी राहत

वस्त्र मंत्रालय ने बताया कि टेक्सटाइल और हस्तशिल्प उद्योग को प्राथमिकता श्रेणी में रखते हुए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पिछले 6 महीनों की औसत खपत के 80% पर बरकरार रखी गई है। इसके अलावा 29 प्रमुख इनपुट पर सीमा शुल्क स्थगित किया गया है और कपास समेत अन्य कच्चे माल पर शुल्क हटाने की कोशिश जारी है। डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्री को राहत देने के लिए ईएफवाई और वीएफवाई पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी हटाने/स्थगित करने की सिफारिश भी की गई है।

कड़ी कार्रवाई: 67 हजार सिलेंडर जब्त, 271 गिरफ्तार

एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में सख्त कार्रवाई जारी है। मार्च 2026 से अब तक 67,000 से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए हैं, 1160 से अधिक एफआईआर दर्ज हुई हैं और 271 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 316 एलपीजी डीलरों पर जुर्माना लगाया गया और 72 को सस्पेंड किया गया है। निगरानी के लिए राज्यों में कंट्रोल रूम और जिला स्तरीय समितियां भी बनाई गई हैं।

पीएनजी और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा

सरकार ने एलपीजी पर दबाव कम करने के लिए पीएनजी और इलेक्ट्रिक कुकिंग को बढ़ावा दिया है। अब तक 42,800 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने MYPNGD.in के जरिए अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिया है। मार्च 2026 से अब तक करीब 5.60 लाख नए पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं और 8.24 लाख कनेक्शनों का नेटवर्क तैयार हो चुका है।

रिफाइनरी और इंडस्ट्री सप्लाई मजबूत

सरकार ने बताया कि सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के साथ पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं। 9 अप्रैल 2026 से मुंबई, कोच्चि, विशाखापत्तनम, चेन्नई और मथुरा रिफाइनरियों से 8300 मीट्रिक टन से ज्यादा प्रोपलीन और 870 मीट्रिक टन ब्यूटाइल एक्रिलेट इंडस्ट्री को सप्लाई किया गया है। फार्मा और केमिकल सेक्टर के लिए रोजाना 1000 मीट्रिक टन एलपीजी की सप्लाई भी सुनिश्चित की गई है।

भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा पर फोकस

सरकार ने बताया कि अब तक 2,800 से ज्यादा भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी कराई जा चुकी है, जिनमें पिछले 24 घंटे में 24 लोग शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि खाड़ी देशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए 24×7 हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम सक्रिय हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त उड़ानों का संचालन किया जा रहा है और कई देशों से फ्लाइट्स धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं।

उड़ानों की स्थिति में सुधार, निगरानी जारी

यूएई, सऊदी अरब, ओमान, कतर और कुवैत से भारत के लिए उड़ानें जारी हैं और स्थिति में सुधार हो रहा है। वहीं ईरान जाने से भारतीय नागरिकों को फिलहाल बचने की सलाह दी गई है। सरकार का कहना है कि वह लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के हिसाब से तुरंत फैसले लिए जा रहे हैं, ताकि देश में सप्लाई और नागरिकों की सुरक्षा पर कोई असर न पड़े।
Tags:
  • West Asia crisis India impact
  • fuel supply India update 2026
  • LPG black marketing action India
  • PNG connection India growth
  • textile sector relief India
  • crude oil supply India news
  • refinery production India update
  • Indian sailors evacuation news
  • LPG to PNG shift India
  • fuel availability India news