गोरखपुर-आज़मगढ़ मंडल की सड़कों पर योगी सरकार का फोकस, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर तेज़ी से होगा काम
Gaon Connection | Jun 15, 2026, 19:14 IST
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर और आज़मगढ़ मंडल की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर तेज़ी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़ी आबादी को लाभ पहुंचाने वाली सड़कों को प्राथमिकता देने, तकनीक से निगरानी करने और तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने पर ज़ोर दिया।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख़्त निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर और आज़मगढ़ मंडल के सांसदों, विधायकों तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए गए प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर मंज़ूरी देकर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएँ मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने दोनों मंडलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों की सड़क आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा किया जाए।
बैठक में आगामी सड़क निर्माण परियोजनाओं और प्रस्तावों का डिजिटल प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर प्राथमिकता तय की जाए और जिन सड़कों को जनप्रतिनिधि सबसे अधिक महत्वपूर्ण मानें, उनका एस्टिमेट तैयार कर मंज़ूरी के बाद तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिनसे बड़े क्षेत्र की आबादी को सीधा लाभ मिले और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मज़बूत हो।
योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण कार्यों की ऑनलाइन और भौतिक निगरानी तकनीक की मदद से करने के निर्देश दिए। साथ ही सेतु निगम को भी आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अत्यधिक कम दरों पर टेंडर लेने वाली एजेंसियों के कारण कई बार गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए ऐसे मामलों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करते रहें, ताकि काम में तेज़ी के साथ गुणवत्ता भी बनी रहे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर और आज़मगढ़ मंडल विकास की नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहे हैं और विकास परियोजनाओं में आने वाली बाधाओं को जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी मिलकर दूर करें।
मुख्यमंत्री ने दोनों मंडलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों की सड़क आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा किया जाए।