उत्तर प्रदेश में मुफ्त AI कोर्स शुरू, घर बैठे मिलेगा प्रशिक्षण और सर्टिफिकेट, ऐसे करें अप्लाई
Gaon Connection | May 14, 2026, 19:00 IST
उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के कौशल विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 'एआई फॉर ऑल' फ्लैगशिप कार्यक्रम में हर नागरिक को बिना किसी शुल्क के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शिक्षा मिलेगी। यह अभिनव योजना उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और ओरेकल यूनिवर्सिटी के सहयोग से कार्यान्वित की जा रही है।
यूपी में युवाओं को मुफ्त मिलेगा AI प्रशिक्षण
उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘AI For All’ पहल को पूरे प्रदेश में लागू किया है, जिसके तहत हर नागरिक को मुफ्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अभियान को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से चलाया जा रहा है। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में यह कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस पहल को वैश्विक आईटी संस्था Oracle University के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 13 अप्रैल 2026 को मुजफ्फरनगर में आयोजित वृहद रोजगार मेले के दौरान की थी। सरकार का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और आम नागरिकों को आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाकर उन्हें डिजिटल अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार करना है।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज वैश्विक स्तर पर रोजगार, उद्योग और कार्य संस्कृति में बड़ा बदलाव ला रहा है। ऐसे में प्रदेश सरकार चाहती है कि उत्तर प्रदेश का युवा तकनीकी रूप से मजबूत बने और नई संभावनाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गांव, कस्बों और शहरों तक इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुफ्त प्रशिक्षण से जुड़ सकें।
सरकार का कहना है कि उसका फोकस केवल पारंपरिक रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना भी है। इसी उद्देश्य से कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार नई पहलें शुरू की जा रही हैं। इस कार्यक्रम के तहत ‘AI For You: Training and Assessment’ नाम का कोर्स चलाया जा रहा है। यह लगभग तीन घंटे का ऑनलाइन कोर्स है, जिसे घर बैठे पूरा किया जा सकता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा और सफल अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा, जो उनके करियर विकास में मददगार साबित हो सकता है।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि इस योजना को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों को अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘AI For All’ टैब के माध्यम से मुफ्त पंजीकरण कर सकते हैं और घर बैठे एआई प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने किया था कार्यक्रम का शुभारंभ
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज वैश्विक स्तर पर रोजगार, उद्योग और कार्य संस्कृति में बड़ा बदलाव ला रहा है। ऐसे में प्रदेश सरकार चाहती है कि उत्तर प्रदेश का युवा तकनीकी रूप से मजबूत बने और नई संभावनाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गांव, कस्बों और शहरों तक इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुफ्त प्रशिक्षण से जुड़ सकें।