स्टिंग ऑपरेशन : पुलिस चौकी के पीछे मसाज पार्लर की आड़ में चल रहा सेक्स रैकेट

Abhishek Pandey | Aug 09, 2017, 12:26 IST
lucknow
लखनऊ। आम जनता को सेहतमंद बनाने की आड़ में जिस्मफ़रोशी का धंधा लखनऊ में खूब फल फूल रहा है। यही नहीं, पुलिस का संरक्षण भी खूब मिला हुआ है। मसाज पार्लर की आड़ में हो रहे जिस्मफरोशी के धंधे की परतें खोलने के लिए गाँव कनेक्शन संवाददाता ने इंटरनेट पर लखनऊ के मसाज पार्लर की डिटेल खंगाली तो झड़ी लग गई। इन्हीं में से कई पार्लर से जब पहचान छुपाकर बात की तो बेहिचक मोलभाव तक किया गया।

गैरकानूनी तरह से धड़ल्ले से चल रहे इन मसाज पार्लर्स को पुलिस का भी डर नहीं है, जितनों से बात की गई तो सभी ने माना कि पुलिस का संरक्षण मिला हुआ है। राजधानी के महानगर इलाके में तो एक मसाज पार्लर पुलिस चौकी के ऊपर चल रहा है। खुद मसाज पार्लर के संचालक ने बताया कि इस काम में पुलिस का वरदहस्त मिला होता है।

जिस्मफरोशी के इस कारोबार की तह तक जाने के लिए गाँव कनेक्शन संवाददाता ने शहर के आईकोनिक स्पा से संपर्क किया। इस कारोबार की तह तक जाने के लिए संवाददाता बताई गई जगह गोल मार्केट चौराहे पर पहुंचा। वहां एक दलाल प्रेस लिखी बाइक से कस्टमर की तस्दीक करने आया। जब उसे पूरी तरह तसल्ली हो गई तो वह स्पा पार्लर ले गया।

वहां पहुंचने पर रिसेप्शन पर दो लड़कियां बैठी मिलीं। इन लड़कियों ने संवाददाता को बताया, “सर पहले पेमेंट कर दीजिए, उसके बाद ही आप को लड़कियां दिखाई जाएंगी।”आखिरकार उनके कहने पर संवाददाता ने चार हजार रुपए का भुगतान कार्ड से किया। बातचीत के दौरान लड़की ने बताया, “सर, हमें सैलरी पर रखा जाता है। यहां सैलरी लड़की के उम्र के हिसाब से तय की जाती है। हां, ग्राहक खुश होकर टिप भी दे सकता है।”

इस स्टिंग के दौरान कुछ ऐसे भी बातें आईं, जिसे न लिखा जा सकता है और न बताया जा सकता है। क्योंकि यहां कुछ लड़कियां नाबालिग भी थीं, जिन्हें रुपए की खातिर इन मसाज पार्लर संचालक ने अपने जाल में फंसा रखा है।

मसाज पार्लर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाने की गोमतीनगर इलाके में एक युवती की शिकायत पर गोमती नगर पुलिस ने मसाज पार्लर पर छापा मारकर जिस्मफरोशी के धंधे का खुलासा किया था। पुलिस की टीम ने पांच युवतियों और सात ग्राहकों को गिरफ्तार भी किया था।

लखनऊ एसएसपी दीपक कुमार ने बताया अगर किसी भी मसाज पार्लर से जिस्मफरोशी की शिकायत आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई पुलिस करती है। किसी भी स्पा में एक साथ महिला और पुरुष को स्पा की सुविधा गलत है, इसका लाइसेंस देने से पहले संबंधित विभाग को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

डॉक्टर की निगरानी में ही हो सकता है किसी का मसाज

  • मसाज खोलने के लिए सबसे पहले हेल्थ डिपार्टमेंट को आवेदन देना पड़ता है।
  • इसके बाद लोगों को सेहतमंद रखने के साजो-सामान स्पा मशीन आदि रखना पड़ता है।
  • स्वास्थ्य विभाग के अनुरूप मसाज पार्लर को एक प्रोफेशनल डॉक्टर रखना पड़ता है, जो अपनी देखरेख में वहां आने वालों का स्पा कर सके।
  • डॉक्टर की निगरानी में ही हो सकता है किसी भी शख्स का स्पा और मसाज।
  • आम लोगों को मोटापा और अन्य बीमारियों से छुटकारा दिलाना होता है मकसद।
  • इन सब नियम के बाद ही जिला प्रशासन मसाज पार्लर खोलने के लिए आदेश देता है।
  • इसमें स्वास्थ्य विभाग का एनओसी मुख्य रूप से जरूरी है।

इस तरह फोन पर होती है डील



रिपोर्टर : आईनोक्स स्पा से बोल रही हैं?

मसाज पार्लर रिशेप्सनिस्ट : जी सर मैं ..... बोल रही हूं



रिपोर्टर: मुझे आपके यहां स्पा और दूसरी सर्विस लेनी है?

मसाज पार्लर रिशेप्सनिस्ट : सर आपको स्पा का केवल 2 हजार रुपए देना होगा और दूसरी सेवाओं के लिए चार हजार रुपए देना होगा। जो लड़कियां आपके साथ रहेंगी वह दो घंटे तक आप को खुश कर देंगी।



रिपोर्टर: आपके यहां पुलिस के छापे का तो कोई खतरा नहीं है?

मसाज पार्लर रिशेप्सनिस्ट :सर ऐसा कुछ नहीं है इससे पहले गोमतीनगर में मसाज पार्लर में छापा पड़ा था तो उसके बाद पुलिस ने ही हमे फोन कर धंधा होशियारी से करने के लिए सचेत कर दिया था।



रिपोर्टर: स्थानीय पुलिस आपके इस काम में मदद क्यों कर रही है?

मसाज पार्लर रिशेप्सनिस्ट : सर हमारे यहां से उनको महीना जाता है, जिसके चलते यहां कोई पुलिसवाला तक नहीं भटकता है। उल्टा वह हमे सुरक्षा मुहैया कराते है।



रिपोर्टर : युवतियां कितनी होगी आपके यहां?

मसाज पार्लर रिशेप्सनिस्ट : सर लड़कियां हमारे पार्लर में बहुत सी है जो आपको पसंद आ जाये वही आपके साथ रहेगी।



रिपोर्टर: इतने पॉश इलाके में यह कारोबार आप चला रहे डर नहीं लगता?

मसाज पार्लर रिशेप्सनिस्ट : सर पुलिस चौकी हमारे पार्लर के नीचे ही है, लेकिन जबतक कोई कस्टमर लड़की के साथ रहता है तब तक हमारा एक आदमी नीचे रहता है, क्योंकि कोई बाहर की टीम छापा मारने आए तो उस पर नजर बनी रहे।



रिपोर्टर-आपका मसाज पार्लर रजिस्टर्ड है?

मसाज पार्लर रिशेप्सनिस्ट : सर हम रजिस्ट्रेशन इसलिए करा लेते हैं क्योंकि यूपी में मसाज पार्लर चलाया जा सकता है, लेकिन इसकी आड़ में हम आपको दूसरी सुविधा दे रहे है।



‘खूबसूरत लड़कियां सिर्फ चार हजार रुपए में’

स्पॉ और पार्लर की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे को बेनकाब करने के लिए संवाददाता ने जब ग्राहक बनकर आईआईएम रोड स्थित परफेक्शन स्पा और सैलून में फोन पर बात की। फोन उठाने वाली लड़की ने बताया, “सर हमारे यहां सबसे बेहतर और खूबसूरत लड़कियां हैं। आप ‘हर तरह की सेवाएं’ इनसे ले सकते हैं।

केवल चार हजार रुपए में। लड़की ने यह भी इत्मीनान कराया, “सर, हमारा पार्लर सुनसान इलाके में है। यहां पुलिस के आने की कोई संभावना नहीं रहती।” कुछ इस तरह शहर के कई मसाज पार्लर सेंटरों ने स्पॉ के साथ-साथ जिस्मफरोशी का ऑफर दिया, जिसमें उन लोगों ने साफ तौर पर पुलिस की सरपरस्ती होने की बात कबूली।

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Tags:
  • lucknow
  • up police
  • lucknow police
  • हिंदी समाचार
  • Samachar
  • समाचार
  • hindi samachar
  • मसाज पार्लर
  • massage Parlour

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.