बसपा प्रत्याशी की दो पत्नी, असलहे के भी शौकीन 

Update: 2017-01-29 14:34 GMT
तिर्वा विधानसभा क्षेत्र से दो, कन्नौज और छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र से एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया।

अजय मिश्रा

कन्नौज। जिले में 19 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए नामांकन का दौर चल रहा है। दूसरे दिन चार नामांकन हुए। तिर्वा विधानसभा क्षेत्र से दो, कन्नौज और छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र से एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। शपथ पत्र से खुलासा हुआ है कि बसपा के छिबरामऊ विधानसभा के प्रत्याशी की दो पत्नी हैं और वह करोड़पति की श्रेणी में आते हैं।

छिबरामऊ से बसपा की ओर से नामांकन करने वाले ताहिर हुसैन सिद्दीकी की दो पत्नी शाहीन बेगम और फरहीन सिद्दीकी हैं। दोनों के पास ही रिवाल्वर के लाइसेंस हैं। 11 लाख 90 हजार के हिसाब से दोनों के पास ही जेवरात भी हैं। बसपा प्रत्याशी के पास 14 दोपहिया, चौपहिया और भारी वाहन हैं। इनमें फारच्युनर और स्कार्पियो भी शामिल हैं। इनका मूल्य 71.45 लाख रुपए है। साथ ही ताहिर के पास एक रायफल, दो नाली बंदूक और पिस्टल भी है। सभी की कीमत 24 लाख बताई गई है।

वर्ष 2015-16 में इन्होंने 87.14 लाख का आयकर रिटर्न भी भरा है। ताहिर ने जो शपथ पत्र दिया है, उसमें कोई मुकदमा न होने और शिक्षा स्नातक पास होने की बात दर्शायी गई है। इनके पास छह करोड़ से अधिक की चल संपत्ति और 1.27 करोड़ की अचल संपत्ति है। दोनों पत्नियों के पास करीब 64 करोड़ की चल संपत्ति और करीब 40 लाख की अचल संपत्तियां हैं। बैंक में भी 137.67 लाख जमा हैं।

तिर्वा विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी विजय सिंह विद्रोही एमए, बीएड और एलएलबी पास हैं। चल संपत्ति 1.12 करोड़ और अचल संपत्ति 24.78 लाख की है। इन्होंने भी अपने शपथ पत्र में कोई भी रिपोर्ट दर्ज न होने की बात कही है। हाथ में नकदी 1.51 लाख और सोना तीन लाख कीमत का बताया है। पत्नी के पास 15 लाख के जेवरात बताए हैं।

साथ ही रिवाल्वर, रायफल और बंदूक भी बताई है। फारच्युनर भी इनके पास है। कृषियोग्य भूमि 16 लाख और गैर कृषियोग्य भूमि की कीमत 25 लाख रुपए बताई गई है। वहीं सदर कन्नौज से बसपा प्रत्याशी अनुराग जाटव उर्फ अन्नू के पास 16.64 लाख की चल और 60 लाख की अचल संपत्ति है। 250 ग्राम सोना होने और 40 हजार हाथ में नकदी की बात कही है।

Similar News