किराए में बढ़ोत्तरी नहीं, हर कोच में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण

Update: 2016-02-25 05:30 GMT
gaon connection, गाँव कनेक्शन

नई दिल्ली। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने गुरुवार को रेल बजट 2016-17 पेश किया। बजट में  हमसफर, अंत्योदय, तेजस और उदय जैसी चार नई ट्रेनों का एलान किया गया। साथ ही हर कोच में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा।  

सुरेश प्रभु ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए रेलवे स्टेशन को वाईफाई से लैश किया जाएगा। 311 स्टेशनों को सीसीटीवी सर्विलांस से जोड़ा जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 182 शुरू होगा। रेल बजट में यात्री किराए के साथ ही किसी भी तरह के किराए में कोई भी बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। यात्री किराया न बढ़ाए जाने पर सुरेश प्रभु ने कहा कि सिर्फ किराया बढ़ाकर कमाई की सोच को अब बदला जाएगा। 2020 तक मानव रहित रेलवे क्रासिंग खत्म करने के साथ ही हर यात्री को कन्फर्म टिकट देने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं हर रिजर्व कैटेगरी में 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। ट्रेन की हर बोगी में जीपीएस सिस्टम भी लगाया जाएगा। रेल मंत्री ने कुल 1.21 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया। 

हम न रुकेंगे, हम न झुकेंगे 

रेल बजट पेश करते समय रेल मंत्री कुछ अलग ही अंदाज में नजर आए। बजट पेश करने से पहले सुरेश प्रभु ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की पंक्तियां 'विपदाएं आती हैं आएं, हम न रुकेंगे, हम न झुकेंगे, चलो मिलकर कुछ नया बनाएं' पढ़ीं। 

कुली नहीं अब सहायक कहिए

रेलवे स्टेशन पर माल ढोने वाले कुली को अब सहायक कहा जाएगा। रेल बजट पेश करते समय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने इसका एलान किया। इसके साथ ही रेल कर्मचारियों की वर्दी भी बदली जाएगी। रेल कर्मचारी अब नए रंग में नजर आएंगे। रेल कर्मचारियों की नई वर्दी कैसी होगी इसका अभी कोई जिक्र नहीं किया गया है। 

एफएम की मिलेगी सुविधा

आने वाले समय में यात्रियों को ट्रेनों में एफएम सुनने की भी सुविधा मिलेगी। रेल बजट पेश करते समय रेल मंत्री ने कहा कि कुछ ट्रेनों में यात्रियों के लिए एफएम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। 

हाईस्पीड ट्रेन यानी तेजस

भविष्य में हाईस्पीड ट्रेनें 130 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी। इन ट्रेनों को तेजस के नाम से जाना जाएगा। वहीं पैसेंजर ट्रेनों की रफ्तार भी सुधारी जाएगी। अब देश में 80 किलोमीटर की रफ्तार से पैसेंजर ट्रेनें दौड़ेंगी। पिछड़े क्षेत्रों में भी ट्रैक बिछाया जाएगा। 5300 किलोमीटर नई लाइन बिछाई जाएगी। उदय ट्रेन डबल डेकर होगी जो सिर्फ रात में चलेगी। 

आम आदमी के लिए अंत्योदय ट्रेन

आम आदमी के लिए अंत्योदय ट्रेन चलाई जाएगी। जिसमें सभी कोच अनारक्षित होंगे। इसके साथ ही हमसफर ट्रेन भी चलाई जाएगी। जिसमें एसी थ्री कोच होंगे। हमसफर ट्रेन की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी। 

आम आदमी के लिए बजट में क्या रहा खास 

139 नंबर डायल कर कैंसिल करा सकेंगे टिकट

तीर्थ स्थल वाले स्टेशनों की सफाई पर जोर

तीर्थ यात्रियों के लिए आस्था एक्सप्रेस

ट्रेनों में मिलेगा स्थानीय खाना

महिला यात्रिायों के लिए हेल्पलाइन 182

2000 स्टेशनों परडिसप्ले स्क्रीन लगाई जाएगी

तत्काल काउंटरों पर सीसीटीवी कैमरे

311 स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे

2020 तक 95 फीसद ट्रेने समय से चलाने का लक्ष्य

दो साल में 400 स्टेशन वाईफाई से होंगे लैस

एलआईसी ने 1.5 लाख करोड़ के निवेश की सहमति दी 

चुनिंदा स्टेशन पर मिलेंगे बारकोडेड टिकट

सभी रेलवे स्टेशन दिव्यांगों के लिए अनुकूल बनाएं जाएंगें 

दिव्यांगो के लिए अलग से होगा टायलेट 

17 हजार जैविक शौचालय लगाएं जाएंगे

क्या कहा प्रधानमंत्री ने 

रेल बजट पेश करने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने वादों को पूरा करने का प्रयास किया है। आम आदमी पर खास ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 का रेल बजट देश के विकास में योगदान देगा। रेलयात्री सुविधा, सफाई व टेक्रोलॉजी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।  

 

Similar News