नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस में शामिल, राहुल गांंधी ने किया स्वागत 

Update: 2017-01-15 17:12 GMT
कांग्रेस में शामिल होने के बाद राहुल गांधी के साथ सिद्दू: फोटो- पीटीआई

लखनऊ। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू आखिरकार कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस में शामिल किया गया। नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी पहले से ही कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं। ऐसी संभावना है कि नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर ईस्ट से चुनाव लड़ सकते हैं।

पूर्व क्रिकेटर सिद्धू ने सितबंर 2016 में यह कहते हुए बीजेपी छोड़ी थी कि उनसे कहा गया था कि वह पंजाब से दूर रहें, दो महीने बाद उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू, कांग्रेस में शामिल हो गईं।

भाजपा की सहयोगी अकाली दल ने अमृतसर के पूर्व सांसद सिद्धू पर प्रहार करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसी पार्टी और परिवार का दामन थाम लिया जिसने दरबार साहिब पर हमला किया था।।

पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखवीर बादल ने सवाल किया कि सिद्धू चुनाव के 20 दिन पूर्व राज्य में क्यों आए हैं और उन्हें ‘सौदेबाजी' पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। अकाली दल ने अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या उनके स्थान पर सिद्धू को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जा रहा है। ‘‘ कृपया स्थिति स्पष्ट करें कि क्या आप नवजोत सिद्धू को पंजाब में कांग्रेस का चेहरा बनाये जाने के पक्ष में हैं।''

बहरहाल, अमरिंदर सिंह ने सिद्धू के पार्टी में शामिल होने के बाद उनसे टेलीफोन पर बात की और कहा कि यह बड़ी खबर है और उनके पार्टी में शामिल होने से पंजाब में कांग्रेस और मजबूत होगी।

अमरिंदर सिंह ने अपने बयान में कहा, ‘‘ अमृतसर पूर्व सीट से पार्टी की पसंद होने के साथ ही वे कांग्रेस के लिए पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के स्टार प्रचारक होंगे। ''

राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद सिद्धू ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाले आम आदमी पार्टी में भी शामिल होने का प्रयास किया था लेकिन बातचीत विफल रही।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अपने बयान में कहा, ‘‘ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नवजोत सिंह सिद्धू का कांग्रेस परिवार में स्वागत करती है और हम कांग्रेस के छत्र के तले समान विचारधारा वाले लोगों को एक साझा मंच पर लाने के कांग्रेस उपाध्यक्ष की दूरदृष्टि के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं।

पार्टी के ट्विटर हैंडल पर लिखे पोस्ट में अपने बयान में उन्होंने कहा, ‘‘ सीधी सपाट बात करने और हास्य विनोद के साथ राष्ट्रवाद के लिए विचारधारात्मक प्रतिबद्धता के लिए जाने पहचाने जाने वाले सिद्धू के पार्टी में आने से निश्चित तौर पर पंजाब एवं अन्यत्र कांग्रेस पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी।''

नवजोत कौर के साथ अकाली दल के पूर्व विधायक परगट सिंह, सिद्धू के भाजपा छोड़ने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इससे पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी कि सिद्धू दंपति आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं लेकिन आप नेतृत्व के साथ उनकी वार्ता विफल हो गई।

गौरतलब है कि पंजाब में 4 फरवरी को चुनाव होने हैं। कांग्रेस इस वक्त कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार बताते हुए जोर शोर से अभियान कर रही है वहीं बादल और आम आदमी पार्टी की तरफ से अरविंद केजरीवाल भी चुनावी प्रचार में जुटे हैं।

Similar News