Lok Sabha Elections Bihar-Jharkhand Results Live: बिहार-झारखंड में एनडीए और महागठबंधन के बीच महामुकाबले में बीजेपी आगे

बिहार के चालीस और झारखंड के चौदह लोकसभा सीटों पर रोचक मुकाबला हो रहा है। 2014 के लोकसभा चुनावों में इन दो राज्यों से बीजेपी को बड़ी बढ़त मिली थी। शुरूआती रूझानों में इस बार भी महागठबंधन बीजेपी को टक्कर देती हुई नहीं दिखाई दे रही है। दोनों जगहों पर बीजेपी गठबंधन बढ़त पर है।

Update: 2019-05-22 12:24 GMT

लखनऊ। इस बार के लोकसभा चुनाव में बिहार में जेडीयू और बीजेपी की एनडीए की कांग्रेस और आरजेडी के महागठबंधन से महामुकाबला है। बिहार में 40 लोकसभा सीट हैं। कहते हैं कि दिल्ली का रास्ता यूपी और बिहार होकर जाता है इसलिए बिहार का परिणाम देश के लिए काफी महत्वपूर्ण है। जो इस राज्य में अधिक सीटें प्राप्त करेगा उसके लिए दिल्ली का भी रास्ता आसान हो जाएगा।

Lok Sabha Elections Bihar-Jharkhand Results Live Updates:

4.00- बिहार की दरभंगा लोकसभा सीट से बीजेपी के गोपाल जी ठाकुर ने आरजेडी के अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अब्दुल बारी सिद्दिकी को 2,67,979 मतों से हराया ।

2.30- झारखंड चुनाव अपडेट

हजारीबाग लोकसभा सीट पर शुरुआती रुझानों में केंद्रीय मंत्री जयंत सिंहा अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार गोपाल प्रसाद साहू से 20,862 मतों से आगे चल रहे हैं। पलामू (सुरक्षित) लोकसभा सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद विष्णु दयाल राम आरजेडी के अपने निकटतम प्रतिद्वंदी घूरन राम से 34,387 मत से आगे चल रहे हैं। वहीं खूंटी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कालीचरण मुंडा से 1,078 मत आगे चल रहे हैं। झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है और भाजपा नौ सीटों पर आगे चल रही है। झारखंड में दोपहर दो बजे तक की दलीय स्थिति इस प्रकार है। आजसु एक, कांग्रेस दो और झामुमो दो सीटों पर आगे है।

बिहार चुनाव अपडेट

वहीं बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर बीजेपी-जेडीयू-एलजेपी गठबंधन कुल 38 सीटों पर आगे है। बीजेपी 16, जेडीयू 15 और एलजेपी 6 सीटों पर आगे है। वहीं आरजेडी 2 सीटों पर आगे चल रही है।

12.00- 12 बजे तक की मतगणना में झारखंड में महागठबंधन थोड़ी सी वापसी करते हुए दिखाई दे रही है। 14 लोकसभा सीटों पर बीजेपी गठबंधन 10 जबकि कांग्रेस-झामुमो गठबंधन चार सीटों पर आगे है। दुमका सीट पर झामुमो प्रमुख शिबु सोरेन फिर से आगे हो गए हैं। वहीं बिहार में महागठबंधन सिर्फ दो ही सीटों पर आगे बढ़ती हुई दिख रही है।

11.15- बिहार में महागठबंधन का सूपड़ा-साफ होता हुआ नजर आ रहा है। कुल 40 सीटों में से सिर्फ दो सीटों पर महागठबंधन आगे है, बाकी कि 38 सीटों पर बीजेपी-जेडीयू गठबंधन आगे है। पाटलीपुत्र सीट से आरजेडी उम्‍मीदवार मीसा भारती और बक्सर से जगदानंद सिंह आगे हैं बाकि की सभी 38 सीटों पर एनडीए उम्मीदवार बढ़त बनाए रखे हैं।

वहीं झारखंड की बात करें तो वहां भी बिहार जैसे ही हालात हैं। 14 लोकसभा सीटों पर 12 सीटों पर बीजेपी गठबंधन आगे है। सिर्फ दो सीटों पर ही झामुमो और कांग्रेस गठबंधन आगे है। दुमका से पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन बीजेपी उम्मीदवार सुनील सोरेन से पीछे हो गए हैं। 

9.45- 9.45 के रूझानों के अनुसार बिहार में बीजेपी-जेडीयू गठबंधन महागठबंधन पर भारी पड़ रही है। 40 सीटों में अभी से 37 सीटों का रूझान सामने आया है, जिसमें 31 पर जेडीयू-बीजेपी गठबंधन आगे हैं। वहीं राजद और कांग्रेस महागठबंधन सिर्फ 5 सीटों पर ही आगे चल रही है। बीजेपी-जेडीयू के सभी बड़े उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि पाटलीपुत्र सीट से आरजेडी उम्‍मीदवार मीसा भारती ने बीजेपी उम्‍मीदवार रामकृपाल यादव को पीछे छोड़ दिया है।

अगर झारखंड की बात करें तो 14 में से 13 सीटों के रूझान आ गए हैं। बीजेपी गठबंधन 9 सीटों पर आगे है जबकि झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सिर्फ 3 सीटों पर ही आगे चल रही है। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में जाता दिख रहा है। दुमका से पूर्व प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री शिबु सोरेन आगे चल रहे हैं। 

9.00- 9 बजे के रूझानों के अनुसार बिहार में बीजेपी-जेडीयू गठबंधन 20 में से 16 सीटों पर आगे है जबकि तीन सीटों पर महागठबंधन आगे हैं। बेगूसराय से बीजेपी उम्‍मीदवार गिरिराज सिंह, गया से जेडीयू के विजय कुमार, वाल्‍मीकि नगर से जेडीयू उम्‍मीदवार वैद्यनाथ प्रसाद महतो, पाटलिपुत्र से बीजेपी उम्‍मीदवार राम कृपाल यादव, पूर्वी चंपारण से बीजेपी उम्‍मीदवार राधा मोहन सिंह, आरा से बीजेपी उम्‍मीदवार आर के सिंह, सारन से बीजेपी उम्‍मीदवार राजीव प्रता रूडी, दरभंगा से बीजेपी उम्‍मीदवार गोपाल जी ठाकुर और सुपौल सीट से जेडीयू के दिलेश्‍वर कामत आगे हैं।

वहीं झारखंड की बात की जाए तो बीजेपी गठबंधन चार में से तीन सीटों पर आगे चल रहा है। गिरीडीह सीट से बीजेपी की सहयोगी आजसू उम्‍मीदवार चंद्र प्रकाश चौधरी और धनबाद से बीजेपी उम्‍मीदवार पशुपतिनाथ सिंह कांग्रेस उम्‍मीदवार कीर्ति आजाद से आगे चल रहे हैं।

8.30- शुरूआती रूझानों में बिहार और झारखंड दोनों जगहों पर बीजेपी आगे है। बिहार में बीजेपी और जेडीयू गठबंधन पांच सीटों पर आगे है। मोदी सरकार में मंत्री रविशंकर प्रसाद, राम कृपाल यादव, राधा मोहन सिंह, राजीव प्रताप रूडी अपनी-अपनी सीटों पर आगे हैं। जबकि झारखंड में बीजेपी एक सीट पर आगे है। हालांकि ये सिर्फ शुरूआती रूझान हैं।  

बेगुसराय- अगर बिहार की महत्वपूर्ण और वीवीआईपी सीटों की बात की जाए तो बेगुसराय इस बार की सबसे हॉट सीट है। यहां पर केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह बीजेपी से उम्मीदवार हैं जबकि जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष और सीपीआई नेता कन्हैया कुमार और गठबंधन के उम्मीदवार तनवीर हसन, गिरीराज को टक्कर दे रहे हैं।

पटना साहिब- पटना साहिब सीट पर बीजेपी के रविशंकर प्रसाद को कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा के बीच मुकाबला है। शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे।

पाटलिपुत्र- पाटलिपुत्र से बीजेपी के राम कृपाल यादव को लालू यादव की बेटी और आरजेडी नेता मीसा भारती से टक्कर मिल रही है।

जमुई- जमुई से लोकजनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान उम्मीदवार हैं। जबकि जदयू छोड़ आरजेडी में शामिल हुए शरद यादव मधेपुरा से उम्मीदवार हैं। पूर्वी चंपारण से केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह उम्मीदवार हैं जबकि सारण से कैबिनेट मंत्री राजीव प्रताप रूडी चुनावी मैदान में हैं। उजियारपुर से पूर्व मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के सामने बीजेपी के नित्यानंद राय की चुनौती है।

झारखंड

झारखंड में 14 सीटों पर चुनाव हो रहा है। पिछली बार 2014 के चुनाव में 12 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली थी। इस बार के एग्जिट पोल में भी बीजेपी को 10 से अधिक सीट मिलते दिख रहे हैं। झारखंड के दुमका से पूर्व मुख्यमंत्री शिबु सोरेन, हजारीबाग से केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा और खूंटी से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा झारखंड से प्रमुख उम्मीदवार हैं।

दुमका- इस बार झामुमो के शिबू सोरेन और बीजेपी के सुनील सोरेन के बीच फिर से मुकाबला है। 1989 से यह झारखंड मुक्ति मोर्चा का गढ़ रहा है। 1998 और 1999 में यहां पर बाबू लाल मरांडी ने जीत हासिल की लेकिन उसके बाद से लगातार यहां पर शिबू सोरेन जीत रहे हैं। 2014 के मोदी लहर में भी शिबू सोरेन यहां पर जीतने में कामयाब रहे थे।

खूंटी- यह लोकसभा क्षेत्र झारखंड की हाईप्रोफाइल सीटों में से एक है। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा बीजेपी की तरफ से मैदान में हैं। वरिष्ठ बीजेपी नेता करिया मुंडा का टिकट काटकर उन्हें टिकट दिया गया है। करिया मुंडा यहां से सात बार सांसद रह चुके हैं।

हजारीबाग- हजारीबाग लोकसभा सीट से केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिन्हा फिर एक बाद चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर इससे पहले उनके पिता यशवंत सिन्हा तीन बार सांसद थे।

रांची- झारखंड की राजधानी रांची के सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय चुनाव मैदान में है। बीजेपी ने उनके खिलाफ निवर्तमान सांसद राम टहल चौधरी का टिकट काट कर संजय सेठ को उम्मीदवार बनाया है। राम टहल चौधरी यहां से 5 बार चुनाव जीत चुके हैं। जबकि सुबोध कांत सहाय यहां से चार बार सांसद रह चुके हैं।

धनबाद- इस बार दरभंगा से बीजेपी सांसद रहे कीर्ति आजाद यहां से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने यहां से चुनाव लड़कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। वह यहां से निवर्तमान सांसद बीजेपी के पशुपतिनाथ सिंह को टक्कर देंगे।

Similar News