विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ईडन गार्डन्स पर लगाया शतक, छत्तीसगढ़ को 78 रन से हरा झारखंड को दिलाई जीत 

Update: 2017-02-26 20:12 GMT
झारखंड के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी।

कोलकाता (आईएएनएस)। विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप-डी के मैच में झारखंड के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अपने सदाबहार अंदाज में आज यहां ईडन गार्डन्स पर आकर्षक शतकीय पारी खेली, जिससे झारखंड ने छत्तीसगढ़ को 78 रन से हराकर विजय हजारे ट्राफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के ग्रुप डी के मैच में अपनी पहली जीत दर्ज की।

धोनी ने 107 गेंदों पर दस चौकों और छह छक्कों की मदद से 129 रन बनाए और झारखंड को शुरुआती झटकों से उबारा। उन्होंने शाहबाज नदीम (90 गेंदों पर 53) के साथ सातवें विकेट के लिए 151 रन की साझेदारी की। झारखंड ने धोनी की पारी से नौ विकेट पर 243 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की टीम इसके जवाब में 38.4 ओवर में 165 रन पर आउट हो गई।

झारखंड के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी।


झारखंड की कप्तानी कर रहे धोनी भारतीय टीम के अपने पुराने साथी मोहम्मद कैफ से टास हार गए। झारखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। धोनी ने तब क्रीज पर कदम रखा जबकि 14वें ओवर में स्कोर चार विकेट पर 43 रन था। इसके बाद इशांक जग्गी और कौशल सिंह भी पवेलियन लौट गये और 20वें ओवर तक स्कोर छह विकेट पर 57 रन हो गया।

स्पोर्ट्स से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

धोनी ने यहां से नदीम के साथ पारी संवारी। उन्होंने इस बीच स्कोर बोर्ड को चलायमान रखने का जिम्मा उठाया और ईडन गार्डन्स पर लिस्ट ए मैचों में अपना पहला शतक जमाया। वह पारी की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर को कैच देकर आउट हुए। छत्तीसगढ़ की तरफ से कांत सिंह ने 33 रन देकर चार और पंकज राव ने 27 रन देकर तीन विकेट लिए।

छत्तीसगढ़ का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। झारखंड के लिए तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि नदीम ने गेंदबाजी में भी कमाल किया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 36 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

Similar News