दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान, इन बड़े लोगों की किस्मत दांव पर

गाँव कनेक्शन | Apr 18, 2019, 07:08 IST

लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण का मतदान शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश की आठ सीटों नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर पर 11 बजने तक 24.31 प्रतिशत मतदान हुआ है। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, प्रदेश के मुख्य नर्विाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

सूचना मिलने तक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है। मतदान केन्द्रों में सुबह से ही मतदाताओं की लम्बी कतारें लग चुकी हैं।

इस बीच, कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी आने के कारण मतदान बाधित होने की खबरें मिली हैं। बुलंदशहर में कई स्थानों, अलीगढ़ और नगीना में कुछ जगहों पर ऐसी शिकायतें सामने आई हैं।

दूसरे चरण में 76,36,857 पुरुषों और 65,56,504 महिलाओं समेत कुल 1,41,94,132 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

दूसरे चरण के चुनाव के लिए 8751 मतदान केन्द्र तथा 16163 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। इनमें से 3314 मतदेय स्थल संवेदनशील श्रेणी में हैं। आगरा लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 19 लाख 34 हजार 850 मतदाता और नगीना क्षेत्र में सबसे कम 15 लाख 84 हजार 111 मतदाता हैं।

मतदान को स्वतंत्र और नष्पिक्ष ढंग से कराने के लिये पर्याप्त बल तैनात किये गये हैं। मतों की गिनती 23 मई को की जाएगी। इस बार सभी मतदेय स्थलों पर वीवीपैट का प्रयोग किया जा रहा है। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में कराने के लिये 1346 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 187 जोनल मजिस्ट्रेट और 617 स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स को तैनात किया है।

मथुरा में मौजूदा सांसद हेमा मालिनी का मुकाबला महागठबंधन के प्रत्याशी रालोद के नरेन्द्र सिंह और कांग्रेस के महेश पाठक से है। हेमा ने वर्ष 2014 में मथुरा सीट आसानी से जीती थी, लेकिन इस बार उन्हें प्रतद्विंद्वियों से कड़ी टक्कर मिलने की सम्भावना है। फतेहपुर सीकरी सीट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्टी प्रत्याशी राज बब्बर की टक्कर भाजपा के राजकुमार चाहर और गठबंधन के प्रत्याशी भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित से है। बब्बर वर्ष 2009 में इसी सीट पर बहुत मामूली अंतर से चुनाव हारे थे।

आगरा से प्रदेश के लघु सिंचाई मंत्री एस. पी. सिंह बघेल भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। उनका मुकाबला गठबंधन के प्रत्याशी मनोज सोनी तथा कांग्रेस की प्रीता हरित से है। हाथरस से गठबंधन ने चार बार सांसद रह चुके पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन को उम्मीदवार बनाया है। यहां उनके मुकाबले इगलास क्षेत्र से मौजूदा भाजपा विधायक राजवीर सिंह और कांग्रेस के त्रिलोकी नाथ दिवाकर ताल ठोंक रहे हैं।

अलीगढ़ सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद सतीश गौतम एक बार फिर इसी पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। अलीगढ़ मुस्लिम वश्विवद्यिालय को निशाने पर रखकर अक्सर सुर्खियां बटोरने वाले गौतम का मुकाबला गठबंधन के प्रत्याशी अजीत बालियान और कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह से है।

बुलंदशहर सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद और प्रत्याशी डॉक्टर भोला सिंह का मुकाबला गठबंधन प्रत्याशी बसपा के योगेश वर्मा और कांग्रेस के बंसी पहाड़िया से है। वहीं, अमरोहा में भाजपा के वर्तमान सांसद कंवर सिंह तंवर की टक्कर गठबंधन प्रत्याशी बसपा के दानिश अली तथा कांग्रेस उम्मीदवार सचिन चौधरी से है।

नगीना सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद डॉक्टर यशवंत सिंह एक बार फिर मैदान में हैं। उनका मुकाबला पूर्व सांसद और तीन बार विधायक रह चुकी ओमवती से है। इसके अलावा गठबंधन की तरफ से बसपा के गिरीश चंद्र भी उनके प्रमुख प्रतिद्वंदी हैं।

Tags:
  • General Election 2019
  • Uttar Pradesh
  • Second phase
  • voting