Wheat Procurement: गेहूं बेचने का सुनहरा मौका, MSP बढ़ा, 25 मार्च से शुरू होगी खरीद
Gaon Connection | Mar 18, 2026, 19:06 IST
उत्तर प्रदेश के गेहूं किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने गेहूं खरीद की तारीखों के साथ-साथ बढ़े हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का भी एलान कर दिया है। 25 मार्च से शुरू होने वाली इस खरीद प्रक्रिया में इस बार किसानों को अधिक दाम मिलने के साथ रिकॉर्ड खरीद होने की उम्मीद जताई जा रही है।"
उत्तर प्रदेश में बढ़ी एमएसपी पर शुरू हुई गेहूँ खरीद
उत्तर प्रदेश में 25 मार्च से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो रही है, जिसके लिए किसानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 17 मार्च से जारी है। इस बार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसानों को प्रति क्विंटल 2585 रुपये मिलेंगे। राज्य सरकार ने 6500 खरीद केंद्र स्थापित करने और गाँव स्तर पर मोबाइल खरीद इकाइयों की सुविधा देने की योजना बनाई है। इस बार गेहूं की बुवाई 95 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हुई है, जिससे करीब 425 लाख टन उत्पादन का अनुमान है और खरीद का लक्ष्य 12 लाख टन से अधिक रहने की उम्मीद है।
राज्य सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार, गेहूं खरीद 25 मार्च से शुरू होगी। किसानों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 17 मार्च से पहले ही शुरू की जा चुकी है। किसान ऑनलाइन पोर्टल fcs.up.gov.in या नजदीकी जनसेवा केंद्रों के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इस बार गेहूं बेचने के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी और मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
सरकार ने इस बार 6500 खरीद केंद्र खोलने का लक्ष्य रखा है। साथ ही, गाँव स्तर पर किसानों की सुविधा के लिए मोबाइल खरीद केंद्र भी तैनात किए जाएंगे। केंद्रों पर तौल, बारदाना, छाँव और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार यूपी में गेहूं की बुवाई 95 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हुई है। इससे करीब 425 लाख टन उत्पादन का अनुमान है। ऐसे में गेहूं खरीद का लक्ष्य भी 12 लाख टन से अधिक रहने की संभावना है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार अधिक किसानों के जुड़ने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार ने इस बार गेहूं का MSP बढ़ाकर 2585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। यह पिछले साल 2425 रुपये था। किसानों को 160 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। बढ़े MSP, बेहतर सुविधाओं और रिकॉर्ड उत्पादन के चलते इस बार यूपी में गेहूं खरीद सीजन किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।