स्वस्थ रहने के लिए जेल में कैदी सीख रहे योग
गाँव कनेक्शन 15 Jun 2017 8:13 PM GMT

आभा मिश्रा, स्वयं कम्युनिटी जर्नलिस्ट
कन्नौज। जिला कारागार अनौगी में कैदी इन दिनों योग सीख रहे हैं। करीब सात दिनों से निरंतर योग की कक्षाएं भी चलने लगी हैं। इससे कैदी आराम और स्वस्थ महसूस कर रहे हैं और आगे भी योगासन करने की बात बंदियों ने कही है।
जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर अनौगी जिला जेल में बंद कन्नौज से 13 किमी दूर ठठिया निवासी कैदी महावीर ने बताया , ‘आजकल हम योग कर रहे हैं, इससे काफी आराम मिला है। पहले हमें इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।’
भाऊ बुजुर्ग निवासी राजेन्द्र (32वर्ष) ने बताया, ‘नियमित रूप से योग करने से हम स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही शुरू किया है और आगे भी करते रहेंगे।’
ये भी पढ़ें: ऋषि परंपरा का प्रसाद है योग: सीएम योगी
समाजसेवी अंशुल गुप्ता कहते हैं, ‘जेल अधीक्षक ने मुझसे योग शिक्षक के लिए संपर्क किया था, जिससे कैदी अब अच्छी तरह से योग सीख सकें। पहले कैदियों में सर्वश्रेष्ठ कैदी ही योग कराता था। सुबह योग शिक्षक एके सिंह चंदेल को हम कैदियों के लिए जिला कारागार अनौगी ले जाते हैं।’
डीएन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता व योग शिक्षक एके सिंह चंदेल बताते हैं, ‘योग के अलावा खान-पान के बारे में भी कैदियों को बताया जाता है। वह आगे बताते हैं कि बैरक के हिसाब से अलग-अलग दिन मैं लोगोंं को योग सिखा रहा हूं। बाद में कैदी खुद योग किया करेंगे। अभी सुबह छह बजे से दो घंटे योग सिखाया जा रहा है।’
इस पर जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्र का कहना है कि करीब दो साल पहले निजी प्रयास से योग शुरू किया था। एक सप्ताह से बंदियों में जागरूकता बढ़ी है। पहले 70-80 बंदी स्वेच्छा से अपने कक्ष में योग करते थे। वह आगे बताते हैं कि शासन की नीति का हिस्सा बनने के बाद वृद्ध और बीमार कैदी छोड़कर सभी लोग योग करते हैं। कैदियों की मनोदशा और विचार में सुधार हुआ है।
More Stories