बारिश ने गिराया उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों का तापमान

Update: 2016-05-26 05:30 GMT
gaonconnection

लखनऊ (भाषा)। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कहीं हल्की तो कहीं अधिक बारिश हुई, जिससे प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि सबसे अधिक दो सेंटीमीटर वर्षा आगरा में हुई। राठ, खैर, बस्ती और मनकापुर में एक एक सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गयी। झांसी मंडल में दिन के तापमान में काफी गिरावट आयी जबकि मेरठ मंडल में तापमान में बढोतरी दर्ज की गयी। अन्य मंडलों में दिन का तापमान लगभग अपरिवर्तित रहा।

कानपुर, झांसी, आगरा, फैजाबाद, लखनऊ, मुरादाबाद और मेरठ मंडलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज हुई। सबसे अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान चुर्क में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि 28 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

Similar News