लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार आगामी वित्तीय वर्ष में विशिष्ट प्रतिभावान गायकों को ‘बेगम अख्तर पुरस्कार’ से सम्मानित करेगी। पात्र कलाकारों के लिए नामांकन कराने की तिथि आगमी 15 जनवरी तक बढ़ा दी गयी है।
यह जानकारी सचिव, संस्कृति अनीता सी मेश्राम ने दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पद्मभूषण मलिका-ए-गजल बेगम अख्तर को याद करने और ऐसी अद्वितीय फनकार की विरासत को संजोए रखने के उददेश्य से बेगम अख्तर शताब्दी वर्ष 2014-15 में इन पुरस्कारों की स्थापना की गयी थी।
बेगम अख्तर पुरस्कार प्रत्येक वर्ष ऐसे प्रतिभावान विशिष्ट गायक को प्रदान किया जाता है जिसने दादरा, ठुमरी, गजल की विधाओं में अपने व्यक्तिगत प्रयासों से उत्कृष्ट आयाम स्थापित किया हो तथा इन विधाओं में राष्ट्र का गौरव बढ़ाया हो।