भारत, अमेरिका 17 देशों को सिखाएगा खेती में आय बढ़ाने का तरीका

Update: 2016-07-25 05:30 GMT
gaonconnection

नई दिल्ली (भाषा)। भारत और अमेरिका ने एक वैश्विक कार्यक्रम के दूसरे चरण की पेशकश की है, जिसके तहत अफ्रीका और एशिया भर के 17 देशों के 1,500 कृषि पेशेवरों को अगले चार वर्षो में नई कृषि तकनीकों के बारे में प्रशिक्षित किया जायेगा।

‘फीड द फ्यूचर इंडिया ट्रैंगुलर ट्रेनिंग कार्यक्रम' को सरकार के राष्ट्रीय कृषि विस्तार संस्थान (MANAGE) और अंतरराष्ट्रीय विकास अमेरिकी एजेंसी (USAID) के द्वारा लागू किया जायेगा।

पहले चरण में वर्ष 2013-15 के दौरान तीन अफ्रीकी देशों (कीनिया, लाइबेरिया और मालावी) के 219 पेशेवरों को प्रशिक्षित किया गया था। वे अब कृषि उत्पादकता और आय को बढ़ाने के लिए खेती के नये तरीकों को लागू कर रहे हैं।

कृषि सचिव एसके पटनायक ने पेशकश के बाद कहा, ''पहले चरण का प्रभाव काफी संतोषजनक है और कार्यक्रम का विस्तार और अधिक देशों तक फैलाने के लिए किया गया है। इसलिए दूसरे चरण में अफ्रीका और एशिया के 17 देशों को अपने दायरे में लिया जायेगा।''      

उन्होंने कहा कि 15 दिनों की अवधि वाले करीब 32 प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन भारत में किया जायेगा और 10 दिनों तक चलने वाले करीब 12 प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन अफ्रीकी और एशियाई देशों में वर्ष 2016 से वर्ष 2020 के दौरान किया जायेगा।

Similar News