भारतीयों का हाल जानने सउदी अरब जाएंगे वी के सिंह

Update: 2016-08-01 05:30 GMT
भारतीयों का हाल जानने सउदी अरब जाएंगे वी के सिंह

नई दिल्ली (भाषा)। सउदी अरब में फंसे 10 हज़ार भारतीयों के लिए भारत सरकार बेहद गंभीर है। उनकी दिक्कत और परेशानियों का जायज़ा लेने के लिए विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह जल्द सउदी अरब का दौरा कर सकते हैं। सूत्रों ने वी के सिंह ने कहा है कि जिन भारतीयों की नौकरी चली गई है उनमें से कुछ भारत लौटने को प्राथमिकता दे सकते हैं।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार रात कहा था कि सउदी अरब में 10,000 से अधिक भारतीय कामगार भोजन की गंभीर कमी का सामना कर रहे हैं और सरकार ने वहां के भारतीय मिशन को अन्य सहायता सहित खाना मुहैया करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के बाद हजारों कामगारों को जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास भोजन मुहैया कर रहा है। तेल की कीमतों के गिरने से आई आर्थिक मंदी के चलते पिछले कई महीनों में सउदी अरब में बडी संख्या में भारतीयों की नौकरी चली गई है।

जेद्दा के भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ट्वीट किया, ''भारतीय वाणिज्य दूतावास और भारतीय समुदाय का भोजन सामग्री वितरण आज तड़के पौने तीन बजे पूरा हुआ।''     इसने कहा, ''सभी पांच शिविर, शुमाइसी, सिस्तान, मकरोना, सोजेक्स, हाईवे, ताईफ में खाद्य सामग्री की आपूर्ति की गई है। पिछले चार दिनों की कोशिश सफल हुई है।''     उपलब्ध ब्योरे के मुताबिक 2,450 भारतीय अपनी कंपनियों के बंद होने से गंभीर संकट में हैं और उन्हें भोजना और अन्य सहायता मुहैया की जा रही है। स्वराज ने सउदी अरब में रह रहे भारतीयों से अपने इन साथी भाई बहनों की मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्र की सामूहिक इच्छा से कुछ भी मजबूत नहीं है।

Similar News