कर्नाटक सरकार ने माफ किया किसानों का २ लाख रुपयों तक का कर्ज

राज्य में चुनाव से पहले कांग्रेस और जेडीएस ने अपने घोषणापत्रों में कर्ज माफी का वादा किया था।

Update: 2018-07-05 13:07 GMT

कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस की गठबंधन सरकार ने अपने पहले बजट में किसानों का दो लाख रुपयों तक का कर्ज माफ करने की घोषणा की है। बजट में पेट्रोल, डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया है। बजट पेश करने से पहले ही इस बात का अनुमान लगाया जा रहा था कि किसानों के कर्ज माफ करने का ऐलान हो सकता है।

किसानों की कर्ज माफी से करीब 25 हजार किसानों को लाभ मिलेगा। इसके लिए बजट में 34 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। राज्य में चुनाव से पहले कांग्रेस और जेडीएस ने अपने घोषणापत्रों में कर्ज माफी का वादा किया था। बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने बताया कि पहले चरण में 31 दिसंबर 2017 तक के कर्ज माफ किए गए हैं। जो किसान समय पर कर्ज वापस कर चुके हैं उन्हें सरकार प्रोत्साहन राशि देगी।

इसके अलावा किसानों को नए लोन लेने में आसानी हो इसलिए सरकार किसानों के डिफॉल्टिंग अकाउंट से एरियर समाप्त कर देगी ताकि उन्हें क्लियरेंस प्रमाणपत्र आसानी से मिल सके। इसके लिए कर्नाटक सरकार ने 2018-19 के बजट में 6500 करोड़ रुपयों की व्यवस्था की है। 

Similar News