कोलकाता के माजेरहाट में पुल गिरा, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
दक्षिणी कोलकाता के माजेरहाट में मंगलवार शाम एक पुल गिर गया। इससे कई गाड़ियां मलबे में दब गई। हादसे में अभी तक छह लोगों के घायल होने की खबर है।
कोलकाता। दक्षिणी कोलकाता के माजेरहाट में मंगलवार शाम एक पुल गिर गया। इससे कई गाड़ियां मलबे में दब गई। हादसे में अभी तक छह लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर राहत और बचाव दल के सदस्य पहुंच चुके हैं। यह पुल बेहाला को कोलकाता के दूसरे इलाकों से जोड़ता है। माजेरहाट रेलवे स्टेशन के पास ही यह ब्रिज बना है। बताया जा रहा है कि यह पुल 60 साल पुराना है।
चश्मदीदों का कहना है कि पुल करीब साढ़े चार बजे गिरा। पुल के नीचे कई वाहन दबे हुए हैं और कई लोग भी पुल के नीचे दबे हो सकते हैं। मलबे से कुछ लोगों को निकाला भी गया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की बैठक हुई है और वो खुद राहत के काम पर नजर बनाए हुए हैं। बनर्जी ने कहा है कि उन्होंने पुलिस से हादसे की रिपोर्ट मांगी है।
#WATCH: Rescue teams and ambulances arrive at the spot where part of Majerhat bridge in South Kolkata has collapsed. #WestBengal pic.twitter.com/5pgpxSgwke
— ANI (@ANI) September 4, 2018
लोगों का कहना है कि गनीमत रही कि हादसा दफ्तर छूटने के समय से पहले हुआ अन्यथा इस पुल पर शाम के वक्त भीड़भाड़ ज्यादा रहती है। बताया जाता है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त पुल से कई वाहन गुजर रहे थे। एक मिनी बस और कई कारें और दोपहिया वाहनों के मलबे में दबे होने की खबर है।
साभार-एजेंसी