छोटे किसानों को मुफ्त बीज, कीटनाशक उपलब्ध कराएगी महाराष्ट्र सरकार

Update: 2017-04-15 20:16 GMT
गाँव कनेक्शन (प्रतीकात्मक फोटो)

मुंबई (भाषा)। महाराष्ट्र सरकार राज्य के छोटे और सीमांत किसानों को बीज, उर्वरक और कीटनाशक मुफ्त में उपलब्ध कराने की योजना बना रही है, ताकि उत्पादन लागत को कम से कम रखा जा सके। साथ ही किसानों के नुकसान को कम किया जा सके।

खेती किसानी से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने यह जानकारी देते हुए कहा कि ‘‘इसके पीछे मकसद किसानों की उत्पादन लागत और विभिन्न लागतों को कम से कम रखना है, ताकि बाजार के दाम गिरने की स्थिति में किसानों का ज्यादा नुकसान नहीं हो।'' पाटिल ने बड़ी संख्या में किसानों के कर्ज के बोझ तले दबे होने पर चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि राज्य सरकार कृषि श्रमिकों को भी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के दायरे में लाने जा रही है। यह काम अगले कुछ माह के दौरान किया जायेगा।

पाटिल ने कहा, ‘‘इससे किसानों को खाद्यान्न और सब्जियां उगाहने के लिये जो भी खर्च करने की आवश्यकता होती है उसमें कमी आयेगी। राज्य में आपूर्ति में अचानक वृद्धि होने से कई जिंसों के दाम तेजी से घट गये और किसानों को इससे भारी नुकसान उठाना पडा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘यदि हम किसानों के लिये खेती करने में आने वाले खर्च को शून्य रखेंगे तो बाजार में कृषि उपज के दाम गिरने के बावजूद किसानों को बहुत ज्यादा नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा और उनका नुकसान सीमित रहेगा।''

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News