मुंबई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, रद्द हुईं ट्रेनें और उड़ानें, फंसे लोग ट्वीट कर भी मांग सकते हैं मदद

Update: 2017-08-29 18:29 GMT
मुंबई में तेज आंधी के साथ हो रही बरसात।

लखनऊ। मुंबई एवं इससे सटी नवी मुंबई तथा ठाणे क्षेत्रों में आज भारी बारिश के कारण उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में देरी हुई और निचले इलाकों में जलमग्न सड़कों पर वाहन रेंगते दिखायी दिये। बीती रात से लगातार हो रही बारिश के चलते पूर्वी एवं पश्चिमी एक्सप्रेस राजमार्ग, सायन-पनवेल राजमार्ग और एलबीएस मार्ग सहित सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात जाम की रिपोर्ट मिली। परेल एवं सायन के निचले इलाकों में जलजमाव की रिपोर्ट है। सात रास्ता मार्ग पर एक पेड़ के गिर जाने से सड़क यातायात प्रभावित रहा।

सभी तीनों रेलवे लाइन – पश्चिम, मध्य एवं हार्बर- पर ट्रेनें देरी से चलीं जिससे उपनगरीय सेवाएं बाधित हुईं। निकाय अधिकारियों ने बताया कि अंधेरी एवं बांद्रा में रेल पटरी पर जलजमाव की रिपोर्ट मिली। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और नागरिकों को जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गयी है। नगरपालिका उपायुक्त सुधीर नाइक को बताया, शहर में बीती रात से भारी बारिश हुई है। आज सुबह साढ़े आठ बजे और दोपहर 12 बजे तक शहर में 85 मिलीमीटर बारिश हुई।

उन्होंने कहा, जब बहुत जरूरी हो तभी घरों से बाहर निकलें क्योंकि शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की रिपोर्ट मिली है। बहरहाल, अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के बावजूद अब तक किसी तरह की अप्रिय घटना की रिपोर्ट नहीं मिली है। अभिनेत्री से उद्योगपति बनीं गुल पनाग ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई खुद को तैयार करें। भारी बारिश होने वाली है।

बाढ़ में फंसे लोग ट्वीट कर भी मांग सकते हैं मदद

भारी बारिश की वजह से मुंबई के कई स्थानों पर लोग फंस चुके हैं। भले ही इन इलाकों में फंसे लोग किसी से मदद नहीं मांग पा रहे हैं, लेकिन फिर भी उनके पास एक ऐसा विकल्प है, जिससे न केवल देश बल्कि विदेश से भी लोग मदद मांग लेते हैं और उनकी मदद हो भी जाती है।

ह विकल्प है सोशल मीडिया। अगर आप भी मुंबई के किसी इलाके में फंसे हैं तो फिर ट्विटर पर आप ट्वीट करके मदद की मांग कर सकते हैं। इसके लिए आप महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस (@Dev_Fadnavis), मुंबई पुलिस (@MumbaiPolice), डिजास्टर मैनेजमेंट (@DisasterMgmtMum), सीएमओ महाराष्ट्र (@CMOMaharashtra), पीएमओ (@PMOIndia) और नरेन्द्र मोदी (@narendramodi) को भी ट्वीट कर के मदद मांग सकते हैं।

बारिश के चलते किसी तरह की मुश्किल में फंसे लोगों के लिए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने हेल्पलाइन नंबर 1916 भी जारी किया है। मुंबई पुलिस ने भी भारी बारिश में फंसे लोगों के लिए ट्ववीट किया है कि अगर आप भी कहीं सड़क फंस गए हैं तो फिर 100 नंबर डायल करें या फिर हमारे साथ ट्विटर पर संपर्क करें। मुंबई पुलिस आपकी मदद करेगी और अगर तुरंत आपकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंच सकता होगा, तो फोन पर ही मुंबई पुलिस आपको बताएगी कि क्या करें और क्या न करें।

Similar News