मुंबई में तूफान ओखी के बीच शशि कपूर को विद्युत शवदाह गृह में अंतिम विदाई दी गई
मुंबई (आईएएनएस)। शहर में चक्रवाती तूफान ओखी के दस्तक देने के बावजूद अभिनेता शशि कपूर (79 वर्ष) का अंतिम संस्कार सांताक्रूज श्मशान घाट पर किया गया।
सत्तर और अस्सी के दशक में रपहले पर्दे पर अपनी रमानी अदाओं से लोगों को दीवाना बनाने वाले दिग्गज अभिनेता शशि कपूर का का कल यहां कोकिलाबेन धीरभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया था।
शशि कपूर का आज यहां करीब बारह बजे कड़ी सुरक्षा के बीच राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। करीब पौने बारह बजे एम्बुलेंस से उनका पार्थिव शरीर जुहू में उनके घर से श्मशान घाट लाया गया था।
मुंबई में सूर्यास्त के बाद बारिश होने लगी, ऐसा इस मौसम में कम ही देखने को मिलता है। यह शायद संयोग था और ऐसा लगा मानो प्रकृति भी पृथ्वी थिएटर के संस्थापक व दिग्गज अभिनेता के गुजरने पर गमजदा है। बॉलीवुड की कई हस्तियां शशि कपूर के पृथ्वी हाउस पहुंचीं और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शशि कपूर के अंतिम संस्कार के मौके पर उनकी तीनों संतान - बेटे कुणाल एवं करण तथा बेटी संजना तथा कपूर परिवार के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में फिल्मी हस्तियां मौजूद थीं। पुलिसकर्मियों ने उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेट रखा था, जिसे बाद में कर्मकांड के लिए हटाया गया। हिंदी सिनेमा में चार दशक से अधिक समय गुजारने वाले इन दिवंगत अभिनेता के सम्मान में तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। उसके पश्चात एक मिनट का मौन रखा गया और फिर विद्युत शवदाह गृह में उनकी अंत्येष्टि हुई।
चक्रवात और भारी वर्षा की चेतावनी के बावजूद सैकड़ों की संख्या में उनके प्रशंसक छाते लेकर और रेनकोट में श्मशान घाट पर पहुंचे थे।
अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, श्याम बेनेगल, शाहरख खान, सैफ अली खान, अयान मुखर्जी, हंसल मेहता, नंदिता दास, लारा दत्ता, उनके पति महेश भूपति, लेखक सलीम खान और महाराष्ट्र के नेता रामदास अठवाले समेत विभिन्न हस्तियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। सलीम ने ही दीवार फिल्म में मेरे पास मां है जैसा ऐतहासिक डॉयलॉग दिया था। भावुक बच्चन शशि कपूर के परिवार के सदस्यों से गले लग रहे थे। वह कल उनके निवास पर भी गए थे। आज शशि कपूर के घर पर प्रार्थना सभा में संजय दत्त, नसीरद्दीन शाह, अनिल कपूर, आमिर खान आदि फिल्मी सितारे नजर आए। अंतिम संस्कार में राकेश ओमप्रकाश मेहरा, पूनम ढिल्लो, शक्ति कपूर, देव मुखर्जी, सचिन पिलगांवकर, सीमा पहवा, सुप्रिया पाठक, सुरेश ओबरॉय और सरोज खान भी मौजूद थीं।
रात आठ बजे के आसपास महानायक अमिताभ बच्चन बेटे अभिषेक और बहू ऐश्वर्या के साथ दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। दिवंगत अभिनेता राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर सहित करिश्मा कपूर, करीना कपूर, सैफ अली खान, बबीता कपूर और रणबीर कपूर आदि परिवार के सदस्य उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
शशि कपूर के साथ काम कर चुकीं सिमी गरेवाल ने ट्वीट किया, "मैं अपने सह-कलाकार शशि कपूर के निधन से बेहद दुखी हूं। एक सज्जन शख्स व दोस्त चला गया। एक युग चला गया। आपकी आत्मा को शांति मिले शशि जी।"
शशि कपूर को श्रद्धांजलि देने के लिए बीच में रोकी गई 'सुपर डांसर' की शूटिंग
दिग्गज अभिनेता-फिल्म निर्माता शशि कपूर को श्रद्धांजलि देने के लिए लोकप्रिय रियेलिटी शो 'सुपर डांसर चैप्टर 2' की शूटिंग बीच में रोक दी गई। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, फिल्म निर्माता अनुराग बासु व कोरियोग्राफर गीता कपूर सुपर डांसर चैप्टर 2 में जज हैं। इन्हें सोमवार को जब शशि कपूर के निधन की सूचना मिली तो उन्होंने शो की शूटिंग बीच में ही रोक दी और दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सेट पर अभिनेता गोविंदा व अभिनेत्री रवीना टंडन भी मौजूद थीं।
अभिनेत्री रवीना टंडन ने इंटाग्राम पर शशि कपूर की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की और साथ में लिखा, "जिस क्षण हमने शशि कपूर के निधन के बारे में सुना हमने तुरंत सुपर डांसर की शूटिंग रोक दी। सभी ने उनके सम्मान में खड़े होकर मौन रखा। इस खबर को सुनकर बहुत दुखी हूं। वह इंडस्ट्री के शानदार अभिनेताओं में एक थे। शशि कपूर हमारे दिलों में हमेशा रहेंगे। उनकी आत्मा को शांति मिले।"
फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।