संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता आम आदमी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार, कुमार विश्वास का पत्ता कटा 

Update: 2018-01-03 19:07 GMT
आम आदमी पार्टी चुनाव चिन्ह

नई दिल्ली (भाषा)। आम आदमी पार्टी ने अपने राज्यसभा उम्मीदवारों के तौर पर आज संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता को नामित किया। आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा टिकट के सबसे अहम दावेदार कुमार विश्वास और आशुतोष का पत्ता काट दिया। कुमार विश्वास को लेकर पहले ही यह साफ हो गया था कि उन्हें अरविंद केजरीवाल से मतभेद के चलते टिकट नहीं दिया जा रहा है लेकिन आशुतोष को टिकट न देने पर कई सवाल खड़े कर गया।

संजय सिंह पार्टी के गठन के वक्त से इससे जुड़े हैं। जब अन्ना आंदोलन की शुरुआत हुई थी तो संजय सिंह इंडिया अगेंस्ट करप्शन का भी हिस्सा रहे थे। वर्ष 2011 में शुरू हुए इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के समय से अरविंद केजरीवाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले संजय सिंह को आखिरकार इसका फल मिला है और पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है। 

संजय सिंह पार्टी पार्टी गठन के समय से ही जुडे हुए हैं। संजय सिंह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से आते हैं। उनका जन्म 22 मार्च 1972 को हुआ था। अपने शुरुआती जीवन में संजय सिंह ने फेरीवालों के अधिकार के लिए 20 साल से अधिक समय तक काम किया, उन्होंने ओडिशा स्कूल ऑफ माइनिंग इंजीनियरिंग से 2009 में माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा की पढ़ाई की थी।

सुशील गुप्ता दिल्ली के एक कारोबारी हैं और एनडी गुप्ता एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया गया जिसमें करीब पार्टी के 56 विधायकों ने हिस्सा लिया।पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने कुछ देर बाद ही बैठक की और निर्णय को औपचारिक रुप से मंजूरी दी।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने संवाददाताओं से कहा, सुशील गुप्ता ने दिल्ली और हरियाणा में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्रों में बड़ा योगदान दिया है, वह 15000 बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा मुहैया कराते हैं। उन्होंने कहा, नारायण दास गुप्ता आईसीएआई (इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया) के पूर्व अध्यक्ष हैं।

कुमार विश्वास।

राज्यसभा सीट के उम्मीदवार बनने की आस लगाए बैठे असंतुष्ट नेता कुमार विश्वास ने पीएसी बैठक में भाग नहीं लिया। वह पीएसी के सदस्य हैं।

देश से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

दिल्ली से तीन राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 जनवरी को होंगे। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में आप को पूर्ण बहुमत प्राप्त है और उसके सभी तीनों सीटों पर जीत हासिल करने की पूरी उम्मीद है। राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन दायर करने की अंतिम तिथि पांच जनवरी है।

फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News