छठ पूजा पर सूर्य की ऊर्जा जन-जन को शक्ति दे, राष्ट्रपति ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

Update: 2017-10-26 11:38 GMT
आस्था के महापर्व

नई दिल्ली (भाषा)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लोक आस्था के महापर्व छठ पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सूर्य से सभी में शक्ति का संचार करने की प्रार्थना की है।

राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया गया है, लोक आस्था के पर्व छठ पूजा पर सूर्य की ऊर्जा जन-जन को शक्ति दे सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं- राष्ट्रपति कोविन्द।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यालय ने ट्वीट किया है, आप सभी को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं।

दिवाली के बाद मनाए जाने वाले इस पर्व में लौकिक ऊर्जा के रुप में सूर्य को अर्ध्य दिया जाता है। आस्था का यह महापर्व पूर्ण रुप से प्रकृति को समर्पित है। इस पर्व को मुख्य रूप से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश या पूर्वांचल के लोग मनाते हैं।

इस वर्ष छठ पर्व 24 से 27 अक्तूबर तक मनाया जा रहा है, इस त्योहार में श्रद्धालु इसके तीसरे दिन डूबते सूर्य को और चौथे व अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्ध्य देते हैं, पहले दिन को नहाय-खाय के रुप में मनाया जाता है जिसमें व्रती लोग स्नान के बाद पारंपरिक पकवान तैयार करते हैं।

दूसरे दिन को खरना कहा जाता है, जब श्रद्धालु दिनभर उपवास रखते हैं, जो सूर्य अस्त होने के साथ ही समाप्त हो जाता है। उसके बाद वे मिट्टी के बने चूल्हे पर खीर और रोटी बनाते है, जिसे बाद में प्रसाद के तौर पर वितरित किया जाता है।

पर्व के तीसरे दिन छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य देते हैं। चौथे व अंतिम दिन को पारन कहा जाता है। इस दिन व्रती सूप में ठेकुआ, सठौरा जैसे कई पारंपरिक पकवानों के साथ ही केला, गन्ना सहित विभिन्न प्रकार के फल रखकर उगते सूर्य को अर्ध्य देते हैं, जिसके बाद इस पर्व का समापन हो जाता है।

देश से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तीनों नगर निकाय के सभी प्रतिष्ठान 26 अक्तूबर को छठ पूजा के मौके पर बंद रहेंगे। नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार पहले ही 26 अक्तूबर को छठ पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर चुकी है।

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News