जेपी की 115वीं जयंती पर श्रद्धांजलि

Update: 2017-10-11 11:26 GMT
जयप्रकाश नारायण।

नई दिल्ली (भाषा)। सम्पूर्ण क्रांति के अगुआ जयप्रकाश नारायण उर्फ जेपी को आज उनकी 115वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी गई।

सम्पूर्ण क्रांति के दौरान जेपी के साथ जुडे रहे और उनके शिष्य माने जाने वाले उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री राम विलास पासवान ने ट्वीट किया, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं सम्पूर्ण क्रान्ति आंदोलन के जनक लोक नायक जय प्रकाश नारायण जी की जयंती पर शत शत नमन।

जेपी के आंदोलन से जुड़े रहे राज्यसभा सदस्य शरद यादव ने ट्वीट किया, जेपी की जयंती पर देशवासियों को बधाई। हम सभी को, खासतौर से युवा पीढी को उनके द्वारा दिखाए गए रास्तों पर चलना सुनिश्चित करना चाहिए।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने ट्वीट किया, लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का उनकी जयंती पर अभिनंदन। भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में उनका योगदान अमूल्य है।

अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने ट्वीट किया, भारतीय राजनीति की दिशा बदलने वाले लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जयंती पर हार्दिक श्रद्धांजलि।

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु ने लिखा है, लोकनायक जय प्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। वह हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खड़े रहे और नि:स्वार्थ सेवा में विश्वास रखते थे।

स्वास्थ्य मंत्री जय प्रकाश नड्डा ने लिखा है, लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी की जयंती पर शत शत नमन। आपातकाल के समय जनता की बुलंद आवाज बन भारत में पुन: लोकतंत्र की प्राण प्रतिष्ठा कराने वाले लोक नायक जय प्रकाश नारायण जी की जयंती पर शत शत नमन।

देश से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

इंदिरा को चुनौती देकर 1974 में सम्पूर्ण क्रांति की शुरुआत करने वाले जेपी का जन्म 11 अक्तूबर, 1902 को हुआ था। आठ अक्तूबर, 1979 को उनके निधन के बाद 1999 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा गया।

Similar News