जेएनयू की नई अध्यक्ष यूनाइटेड लेफ्ट की गीता कुमारी चुनी गईं 

Update: 2017-09-10 15:14 GMT
जेएनयू की नई अध्यक्ष यूनाइटेड लेफ्ट की गीता कुमारी। 

नई दिल्ली (भाषा)। जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) चुनाव 2017 में यूनाइटेड लेफ्ट की प्रत्याशी गीता कुमारी विजयी हुईं और जेएनयू छात्र संघ की नई अध्यक्ष चुनी गईं। गीता कुमारी ने एबीवीपी की निधि त्रिपाठी को 464 मतों से हराया।

इसके अतिरिक्त जेएनयूएसयू के केंद्रीय पैनल के लिए हुए चुनाव में यूनाइटेड लेफ्ट ने अपना परचम लहराया और सभी चारों पदों पर विजय प्राप्त की। वाम प्रत्याशियों ने एबीवीपी के अधिकतर उम्मीदवारों पर बड़े अंतर से जीत हासिल की।

चुनाव अधिकारियों ने बताया कि बापसा (बिरसा अंबेडकर फुले स्टूडेंट्स एसोसिएशन) की शबाना अली को 935 मत मिले हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव में कुल 4639 मत पड़े जिनमें से 19 मत अवैध हो गए क्योंकि मतदाताओं ने अपनी पर्ची गलत मतपत्र पर लगा दी।

उपाध्यक्ष पद के लिए आइसा की सिमोन जोया खान को 1,876 वोट मिले। चुनाव में कुछ 4,620 वोट पड़े, जिनमें से एबीवीपी प्रत्याशी दुर्गेश कुमार के हिस्से में महज 1,028 वोट आए।

वाम के दुग्गीराला श्रीकृष्ण ने महासचिव पद अपने नाम किया, उन्हें 2,080 वोट मिले। संयुक्त सचिव का पद भी वाम के शुभांशु सिंह के हिस्से गया जिन्हें 1,755 मत मिले।

गीता कुमारी ने कहा, इस जनादेश का श्रेय विद्यार्थियों को जाता है क्योंकि लोगों को अब भी विश्वास है कि लोकतांत्रिक स्थानों को बचाया जाना चाहिए और इस दिशा में एकमात्र संघर्ष विद्यार्थियों की ओर से किया जा रहा है। गीता ने नजीब मामले के साथ-साथ जेएनयू की सीटों में कटौती, नये छात्रावासों सहित विभिन्न मामलों को उठाने का वादा किया है।

देश से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

केंद्रीय पैनल की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में कुल 1512 वोट नोटा के नाम भी रहे। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न पदों पर कुल 31 काउंसल चुने गए।

Similar News