अस्पताल से घर लौट रही पशु चिकित्‍सक की गैंगरेप के बाद हत्या, हत्या, जली हालत में मिला शव

Update: 2019-11-29 09:36 GMT
प्रियंका रेड्डी। फाइल फोटो

तेलंगाना की राजधानी के निकट शादनगर कस्‍बे में अज्ञात व्‍यक्‍तियों ने एक युवती की आग लगाकर हत्या कर दी। इस युवती की पहचान प्रियंका रेड्डी के तौर पर हुई है जो कि पशु चिकित्‍सक थीं। प्रियंका का जला हुआ शव गुरुवार को रंगा रेंड्डी जिले के शादनगर कस्बे के निकट चतनपल्ली पुल पर पाया गया।

प्रियंका रेड्डी शादनगर के अपने घर से कोल्लूरू गांव में एक पशु चिकित्सालय में अपने ड्यूटी के लिए निकली थी। वह हर दिन हैदराबाद-बेंगलुरु नेशनल हाईवे स्थित टोंडुपल्ली टोल प्लाजा पर अपना टू-व्हीलर पार्क करती थीं और वहां से कैब लेकर अस्पताल तक जाती थीं। बुधवार को भी उन्‍होंने ऐसा ही किया था।

इसके बाद बुधवार को ही रात 9 बजकर 22 मिनट पर प्रियंका ने अपनी बहन को फोन पर बताया कि उनके टू-व्हीलर का एक टायर पंक्चर है। एक व्यक्ति ने उसे मदद की पेशकश की है। कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर बताया कि मदद की पेशकश करने वाला व्यक्ति कह रहा है कि आसपास की सभी दुकानें बंद हैं और पंक्चर ठीक करवाने के लिए गाड़ी को कहीं और ले जाना होगा।


प्रियंका ने अपनी बहन से यह भी कहा कि वह डरी हुई है। जब प्रियंका के परिवार ने बाद में उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद पाया गया। पुलिस का इस मामले पर कहना है क‍ि एक युवती का झुलसा हुआ शव पुल के पास पाया गया है। उसकी उम्र 20 से 25 के बीच है। श्रीधर रेड्डी ने शव की पहचान अपनी बेटी प्रियंका के तौर पर की है। फिलहाल मामले की पुलिस जांच कर रही है। 

शम्शाबाद के डीसीपी प्रकाश रेड्डी के मुताबिक, ''वेटनरी डॉक्टर को कैरोसिन डालकर जलाया गया। जांच के लिए पुलिस ने 10 टीमें बनाई हैं।'' हैदराबाद के कमिश्नर वीसी सज्जानर ने बताया कि चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।  

Similar News