बाबा साहब पर विवादित टिप्पणी करने वाले विधायक ने अब मीडिया के खिलाफ किया अभद्र भाषा का प्रयोग

Update: 2017-04-27 20:48 GMT
भाजपा विधायक विजय बंसल

जयपुर(भाषा)। बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बडेकर पर विवादित टिप्पणी करने के बाद विधान सभा में माफी मांगने वाले भाजपा के विधायक विजय बंसल का मीडिया को लेकर अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने वाला कथित ओडियो वायरल हुआ है।

ओडियो में भरतपुर से भाजपा विधायक विजय बंसल, दलित सेना राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र ओैझा से बातचीत में बाबा साहेब अम्बडेकर को लेकर कथित टिप्पणी पर बखेडा पैदा करने के लिए मीडिया पर आरोप लगाते सुनायी दे रहे हैं।

आडियो में उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘ मीडिया की पिटाई होनी चाहिए। मेरी छवि बर्बाद करने के लिए वे कोई कसर नहीं छोड रहे हैं।''

इस बीच, कई पत्रकारों ने भाजपा विधायक की टिप्पणियों को लेकर शहर में उनके खिलाफ स्टेच्यू सर्किल पर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है।

बसंल से ओडियो के बारे में उनके मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। गौरतलब है कि बंसल ने पिछले दिनो एक कार्यक्रम के दौरान और फिर विधान सभा में कार्यवाही के दौरान भीमराव अम्बेडकर पर विवादित टिप्पणी की थी। संसदीय कार्य मंत्री राजेन्द्र राठौड ने सदन में अपनी पार्टी के विधायक द्वारा विवादित बयान देने पर खेद व्यक्त किया था।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी बाद में कहा कि बाबा साहेब डा भीमराव अम्बेडकर हम सबके आदर्श हैं।

Similar News