देवाहुति गंगा की दशा नहीं सुधार पा रही नगर पालिका

Update: 2016-01-17 05:30 GMT
गाँव कनेक्शन

पीलीभीत। जहां एक ओर प्रधानमंत्री देश की प्रमुख नदियों को स्वच्छ बनाने का अभियान देश भर में चला रहे हैं। वहीं पीलीभीत की देवाहुति नदी की दशा नहीं सुधर पा रही है।

एक तरफ ब्रहमचारी घाट पर जनपद के नागरिक व सामाजिक संगठन देवाहुति गंगा की आरती कर पूजन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिला उद्योग केन्द्र के सामने देवाहुति गंगा में शहर का गन्दा कूड़ा पाटने का काम नगरपालिका पीलीभीत द्वारा किया जा रहा है।

देवाहुति गंगा में फैल रही गंदगी को रोकने की बात पर नगरपालिका पीलीभीत के चेयरमैन प्रभात जायसवाल ने गाँव कनेक्शन को बताया, ''जिला प्रसाशन पीलीभीत ने देवाहुति नदी के  तट पर ही कूड़ा निस्तारण कि जगह दी हुई है, अब बरखेड़ा के पास कूड़ा निस्तारण कि जगह एलॉट की गई है।’’ 

नगरीय क्षेत्र से होते हुए देवाहुति नदी का पानी आस-पास के सटे गाँवों तक जाता है। जिससे अधिकतर किसान खेती में इस्तेमाल करते हैं। नदी में फैल रहे प्रदूषण के कारण जहां एक ओर नगर में रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। साथ ही ग्रामीणों को खेती लायक पानी नहीं मिल पा रहा है।

''नदी के चारों ओर फैली गंदगी को हटाने के लिए नई कार्ययोजना की प्रक्रिया चल रही है, जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी नगरपालिका पीलीभीत नई जगह पर नगर के कूड़े का निस्तारण करना शुरू कर देगी।’’ प्रभात जायसवाल आगे बताते हैं।

Similar News