नई दिल्ली। महिला दिवस के मौके पर विमानन कंपनी एयर इंडिया ने महिला चालक दल के सदस्यों के साथ अब तक की सबसे लंबी विमान यात्रा का दावा किया है। दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाले इस विमान की सभी कर्मचारी महिलाएं थीं। इस उड़ान के परिचालन में हवाई यातायात नियंत्रक और हवाई अड्डे पर उड़ान से जुड़ी सहायक गतिविधियों को भी पूरी तरह महिला स्टाफ के सदस्यों ने ही कंट्रोल किया। एयर इंडिया का विमान करीब 17 घंटों में 14,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगा।
इस उड़ान का आयोजन ख़ास तौर से 8 मार्च को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर किया गया। एयर इंडिया ने कहा है कि इस साल पहली बार विश्व की सबसे लंबी सीधी उड़ान सेवा में चालक दल की सभी सदस्य महिलाएं हैं। इनमें कॉकपिट क्रू, केबिन क्रू, चेक-इन स्टाफ, डाक्टर, एटीसी और विमान उतरने के बाद परिचालन देखने वाली महिला कर्मचारी शामिल हैं। एयर इंडिया के सीएमडी अश्वनी लोहानी ने कहा कि ये ऐतिहासिक उड़ान है। ये एयरलाइन महिलाओं का अत्यधिक सम्मान करती है और यह महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। एयर इंडिया में करीब 3,800 महिला कर्मचारी हैं।