मैनपुरी। भीषण गर्मी में भूख से छटपटाते निराश्रितों की मदद के लिए लॉर्ड कृष्णा मानव सेवा समिति ने अनूठी पहल की है। रोटी बैंक के माध्यम से ऐसे लोगों का पेट भरा जाएगा।
शुक्रवार को नगर के आगरा रोड पर रोटी बैंक का शुभारंभ वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने भूखे को भोजन वितरित कर किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से कई लोगों को रोटी नसीब होगी। लोगों को इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए। समिति अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से इस योजना पर विचार मंथन किया जा रहा था।
योजना व्यवस्थित ढंग से संचालित होती रहे, इसके लिए शहर में जगह-जगह पर रोटी कलेक्शन सेंटर खोले जाएंगे जहां संस्था के लोगों द्वारा भोजन एकत्र किया जाएगा। एक निश्चित समय में भोजन एकत्र करने के बाद दोपहर को प्रतिदिन गरीबों को भोजन का वितरण कराया जाएगा। प्रयास यह भी होगा कि जो लोग रोटी बैंक तक आने में अक्षम हैं , उनके घर तक भोजन पहुंचाया जाए।