किसी की जान न ले ले भैंसी नदी का ये पुल

Update: 2016-07-05 05:30 GMT
gaonconnection

शाहजहांपुर। लम्बे अरसे से जर्जर हालत में तहसील पुवायां से ब्लॉक खुटार को जोड़ने वाला एक मात्र भैंसी नदी का पुल बरसात होने के बाद टूट गया। पुल टूटने से यातायात बाधित हो गया। लोग अपनी जान पर खेलकर पुल के नीचे से निकलने को मजबूर हो रहे हैं।

जनपद मुख्यालय से उत्तर दिशा में तहसील पुवायां से ब्लॉक खुटार रोड पर करीब 10 किमी. पर स्थित भैंसी नदी के पुल ने इस बरसात में आखिरकार दम तोड़ दिया। जिसके कारण क्षेत्र की जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुल टूटने से इस रोड से निकलने वाले वाहनों के पहिए एक ही जगह थम गए, जिसके चलते लम्बा जाम लग गया।

बाद में पुल के नीचे से कच्चे रास्ते से लोग अपनी जान जोखिम में डालकर निकलने लगे। जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने दोनों ओर ईंट-पत्थर और लोहे के ड्रम रखकर पुल को बंद कर दिया ताकि रात-बिरात कोई बड़ा हादसा न हो सके। इस दौरान पुल टूटने से परेशानी झेलने वाले लोगों ने क्षेत्र के विधायक और प्रशासन को इसके लिए दोषी मानते हुए उन्हें जमकर कोसा। अभिषेक डेनियल निवासी गाँव गुटैया गंगसरा, ब्लॉक पुवायां बताते हैं, “सपा विधायक और पूर्व सांसद पिछले कई वर्षों से जनता को मूर्ख बना रहे हैं।”

रिपोर्टर - अर्जुन श्रीवास्तव

Similar News