बांसी। आदर्श नगर पालिका क्षेत्र में तीन वर्ष पूर्व निर्मित मत्स्य हाट प्रशासन की लापरवाही से अब धराशायी होने के कगार पर पहुंच गया है। विडम्बना तो यह है कि उद्घाटन होने के बाद से अब तक इस मत्स्य हाट का ताला तक नहीं खुल सका है।
लगभग तीन वर्ष पूर्व मत्स्य पालन विकास अभिकरण के सौजन्य से राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्र्तगत मत्स्य विभाग और नगर पालिका बांसी के संयुक्त प्रयास से बांसी के गंगुली इन्दिरानगर वार्ड में नगर पालिका द्वारा उपलब्ध करायी गयी भूमि पर लगभग 50 लाख की लागत से मत्स्य हाट का निर्माण कराया गया। जिसमें 10 शटरयुक्त कमरे, मछली धुलने के लिए बोरिंग तथा वाटर सप्लाई व हौज का निर्माण कराया गया है। इस मत्स्य हाट का उद्घाटन भी विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय द्वारा किया गया था।
उद्घाटन के दिन ही 10 मछुवारों को कमरा एलाट कर उन्हें कमरों की चाभी भी सौंप दी गयी थीे। प्रशासन की लापरवाही से तीन वर्ष बाद भी उक्त मत्स्य हाट चालू नहीं हो सका और उक्त भवन को अराजक तत्वों ने अपना बसेरा बना लिया। जहां अराजक तत्वों ने गेट को तोड़ दिया है।
सुनसान जगह पर होने के कारण नगर पालिका इसकी कोई देखभाल भी नहीं कर पा रही है। नगर क्षेत्र के जागरूक लोगों ने कई बार नगर पालिका प्रशासन से उसमें मछली मंडी स्थापित करने की मांग की पर नगर पालिका प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।
जबकि वर्तमान समय में जहां मछली मंडी अवैध रूप से चल रही है वहां मुख्य सड़क का किनारा होने के कारण अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। उसके बाद भी प्रशासन का सचेत न होना लोगों की समझ से परे है।
रिपोर्टर - सत्येन्द्र उपाध्याय