पांच अप्रैल से दौड़ेगी देश की सबसे तेज़ रफ्तार ट्रेन 'गतिमान एक्सप्रेस'

Update: 2016-04-03 05:30 GMT
gaonconnection

नई दिल्ली देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस से सफर करने का इंतजार अगले हफ्ते खत्म हो जाएगा। 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली गतिमान के चलने का लम्बे समय से इंतजार किया जा रहा था, लेकिन अब इसकी तारीख फाइनल कर दी गई है। इस ट्रेन को 5 अप्रैल को रेलमंत्री सुरेश प्रभु हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अगले दिन से यह ट्रेन अपने तय वक्त से दिल्ली-आगरा के बीच दौड़नी शुरू हो जाएगी।

देश की तेज़ रफ्तार ट्रेनें

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, गतिमान के लिए तारीखें फाइनल कर दी गई हैं। उम्मीद है कि शुक्रवार को इस बारे में औपचारिक आदेश जारी हो जाएगा। 5 अप्रैल को ट्रेन की शुरुआत है, लेकिन उस दिन गतिमान अपने तय वक्त से रवाना नहीं होगी, बल्कि उद्घाटन के बाद चलेगी। लेकिन अगले दिन से ये ट्रेन सुबह 8.10 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी। दिल्ली-आगरा की दूरी ये ट्रेन लगभग 100 मिनट में पूरी करेगी। इस ट्रेन में कई नई सुविधाएं दी गई हैं। इसी वजह से इसका किराया सामान्य ट्रेनों के मुकाबले ज्यादा रखा गया है।

गतिमान देश की सबसे हाई स्पीड ट्रेन होगी। इस वक्त देश में आमतौर पर शताब्दी और राजधानी ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 130 किमी प्रति घंटे होती है। इससे पहले भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस की रफ्तार को बढ़ाकर 150 किमी प्रति घंटे किया गया था। यह ट्रेन दिल्ली-आगरा के बीच 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है। लेकिन अब दिल्ली-आगरा के बीच गतिमान 160 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी।

Similar News