पर्यटकों के लिए खोला गया टाइगर रिज़र्व

Update: 2015-11-27 05:30 GMT
गाँव कनेक्शन

पीलीभीत। टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए 15 नवंबर से खुल गया है। सैकड़ों की संख्या में पर्यटक यहां पर आ रहे हैं। पर्यटकों को घुमाने के लिए 20 गाइड लगाए गए हैं।

आगंतुकों को रिझाने के लिए इस बार यहां पर फोटो लैब भी बनवाई गई है। लैब में लगभग 300 फोटो लगाए जाएंगे। बरेली निवासी डॉ. सुरेश अवस्थी बताते है, ''कई महीनों से परिवार के साथ यहां आने का मन था। अब जब यहां आए हैं तो पिछली बार की अपेक्षा कई बदलाव नजर आ रहे हैं। फोटो लैब बनाई गई है, जिसमें सैकड़ों जानवरों के फोटो हैं। बच्चों को काफी पसंद आई है जगह।"

टाइगर रिजर्व ने कई नई हट बनाई गई हैं। टाइगर रिजर्व में पॉलीथिन के साथ-साथ शराब पीना, मीट, चिकन आदि का सेवन पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। अगर कोई इस तरह का काम करते हुए पाया जाएगा तो उस पर 500 से 6000 रुपए तक जुर्माना किया जाता है। साथ ही डैम में नहाने वालों पर भी 1000 रुपए का जुर्माना किया जा रहा है।

250 रुपए में गाइड

पर्यटकों को घुमाने के लिए टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से गाइडों की व्यवस्था की गई है। इसके लिए आसपास के लोगों को भली भांति प्रशिक्षित किया गया है। इन्हें कैमरे की भी ट्रेनिंग दी गई है। ताकि पर्यटकों को जंगल में घुमाते समय अच्छे अच्छे फोटो लिए जा सकें। 250 रुपए में पर्यटकों को गाइड उपलब्ध हो रहे हैं।

Similar News