रिषी कपूर को गांधी परिवार की समझ नहीं: कांग्रेस

Update: 2016-05-18 05:30 GMT
gaonconnection, रिषी कपूर को गांधी परिवार की समझ नहीं: कांग्रेस

मुंबई(भाषा)। बॉलीवुड अभिनेता ने कांग्रेस शासनकाल में देश की प्रमुख संपत्तियों के नाम गांधी परिवार के सदस्यों पर रखे जाने का विरोध किया था। कांग्रेस ने कहा कि रिषी कपूर को राष्ट्र-निर्माण में गांधी परिवार के योगदान के बारे में जानकारी नहीं है।

मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी के प्रमुख संजय निरुपम ने बताया, ‘‘रिषी कपूर राष्ट्र निर्माण में गांधी परिवार के योगदान के बारे में समझ नहीं पाए हैं।''  63 साल के रिषी कपूर पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कुछ लोग सत्ता की खातिर और अपने संकीर्ण नजरिए के कारण कुछ भी बोलते हैं।'' 

निरुपम ने कहा, ‘‘मैंने देश में हवाई अड्डों की एक सूची उन्हें भेजी है, जिनके नाम महाराणा प्रताप से लेकर शिवाजी महाराज और लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर रखे गए हैं। यह कहना गलत है कि हर चीज का नाम गांधी परिवार के नाम पर रख दिया गया है।''       

इससे पहले कई ट्वीट करके रिषी कपूर ने कांग्रेस पर बरसते हुए कहा था कि अपने शासनकाल के दौरान उसने राष्ट्रीय संपत्तियों के नाम गांधी परिवार पर रख दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थानों के नाम बदलने चाहिए और ऐसे लोगों के नाम पर रखे जाने चाहिए,जिन्होंने देश के कल्याण के लिए काम किए हों।

Similar News