शम्भू यादव बने उत्तर प्रदेश के उपलोकायुक्त

Update: 2016-07-28 05:30 GMT
gaonconnection

लखनऊ (भाषा)। प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने सेवानिवृत्त नौकरशाह शम्भू सिंह यादव को गुरुवार को राज्य का नया उपलोकायुक्त नियुक्त किया। राजभवन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक नाईक ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शम्भू सिंह यादव को उत्तर प्रदेश लोकायुक्त तथा उप लोकायुक्त अधिनियम 1975 मे उल्लिखित प्रावधानों के तहत राज्य का नया उपलोकायुक्त नियुक्त किया है। बयान के अनुसार मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा लोकायुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा की परस्पर सहमति के बाद उपलोकायुक्त नियुक्ति से सम्बन्धित फाइल को राज्यपाल के अनुमोदन के लिए पिछले हफ्ते राजभवन भेजा गया था। उपलोकायुक्त का पद पिछले साल स्वतंत्र सिंह का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से खाली था।

वर्ष 1997 बैच के आईएएस अधिकारी यादव तीन साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे लेकिन उन्हे तभी से सेवा विस्तार मिल रहा है। इस वक्त वह मुख्यमंत्री सचिवालय मे सचिव हैं। सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के करीबी माने जाने वाले यादव सपा की पिछली सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के विशेष सचिव भी रह चुके हैं।

Similar News