दूल्हे की करतूत देख बनारस की लड़की ने किया शादी से इनकार, मारपीट

Update: 2017-06-02 14:33 GMT
दुल्हन ने शादी से किया इनकार। प्रतीकात्मक फोटो

वाराणसी। कैंट स्टेशन से करीब दस किमी दूर बसंत पट्टी गाँव की रहने वाली एक लड़की ने शराबी दूल्हे एवं उसके बदमिजाज साथियों की करतूत देखकर शादी से इनकार कर दिया। ये बात जब दूल्हा पक्ष को पता चली तो भड़के बरातियों ने मारपीट एवं तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। यह देख ग्रामीणों ने भी पथराव कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए और अनेकों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे के पिता को हिरासत में ले लिया है। वहीं अब गाँव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र के लोग भी लड़की के साहस की सराहना कर रहे हैं।

दुल्हन द्वारा शादी से इनकार के बाद सूना पड़ा मंडप व एकत्रित महिलाएं।

देश-दुनिया से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाँव के छुन्ना चौहान की लड़की बबिता की शादी मिर्जापुर के धारूपुर के संतोष चौहान के लड़के जागरण से तय हुई थी। रविवार की शाम बारात आई, जिसमें अधिकतर लोग शराब के नशे में धुत थे। यही नहीं जयमाल के दौरान शराबी दूल्हा भी नशे में धुत मिला और अपने साथियों के साथ जयमाल के स्टेज पर पहुंची लड़कियों से छेडख़ानी करने लगा। विरोध करने पर शराबियों ने दुल्हन के साथ भी अभद्रता की। यह सब देख दुल्हन बबीता भड़क गई और उसने शराबी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया।

ये भी पढ़ें: सही हिंदी नहीं लिख पाया दूल्हा तो दुल्हन ने शादी से किया इनकार

दुल्हन के मना करने पर नशे में धुत दूल्हा और उसके साथियों ने लड़की की बहन को स्टेज पर जबरदस्ती पकड़ कर बैठा लिया। यह देख वधू पक्ष के लोग भड़क उठे। नौबत मारपीट की आ गई। विवाद बढ़ता देख बड़े-बुजुर्गों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। देर रात तक पंचायत चली, लेकिन लड़की शादी के लिए तैयार नहीं हुई। साफ शब्दों में उसने कह दिया कि ऐसे शराबी इंसान के साथ शादी करके जिंदगी बरबाद नहीं करनी है।

ये भी पढ़ें: शौचालय न होने पर दुल्हन ने रोकी विदाई

उधर भड़के बरातियों ने मारपीट एवं तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। यह देख ग्रामीण भी पथराव करने लगे। घटना में कई लोगों को चोटें आयी और अनेकों गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़के के पिता संतोष चौहान को हिरासत में ले लिया। जबकि बाराती और दूल्हा फरार हो गए।

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News