सुनील लांबा होंगे देश के अगले नौसेना प्रमुख

Update: 2016-05-05 05:30 GMT
gaonconnection, सुनील लांबा होंगे देश के अगले नौसेना प्रमुख

नई दिल्ली (भाषा)। वाइस एडमिरल सुनील लांबा को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है और वो 31 मई को प्रभार संभालेंगे। फिलहाल वो पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ एफओसी-इन-सी हैं।

नौवहन एवं निर्देशन में विशेषज्ञ 58 साल के लांबा का नौसेना प्रमुख पद पर कार्यकाल तीन साल का होगा। वो एडमिरल आर के धवन का स्थान लेंगे जो सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज के छात्र रह चुके लांबा नौसेना प्रमुख बनने वाले 21वें भारतीय होंगे। प्रथम दो नौसेना प्रमुख ब्रिटिश थे। वो 31 मई को एडमिरल धवन से पदभार लेंगे और वो 31 मई 2019 तक इस पद पर रहेंगे।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार ने वाइस एडमिरल सुनील लांबा को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 31 मई की दोपहर से प्रभावी होगी।

तीन दशक से अधिक समय के करियर में समृद्ध ऑपरेशनल एवं स्टाफ अनुभव रखने वाले लांबा ने जंगी जहाज आईएनएस सिंधुदुर्ग और फ्रीगेट आईएनएस दुनागिरि पर नेविगेटिंग अधिकारी के तौर पर सेवाएं दी हैं।

वो अग्रिम पंक्ति के चार जंगी जहाजों का कमान संभाल चुके हैं जिनमें आईएनएस काकीनाडा, आईएनएस हिमगिरि और आईएनएस रणविजय और आईएनएस मुंबई शामिल हैं।

Similar News