नई दिल्ली (भाषा)। भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन पर एक बार फिर हमला बोला और उनके खिलाफ छह आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उन्हें तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की।
स्वामी ने आरोप लगाया कि राजन ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर लघु एवं मझोले उद्योगों को नुकसान किया। स्वामी ने कहा कि गवर्नर को ब्याज दर बढ़ाने और उसे ऊंचा रखने के नतीजों के बारे में समझना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उनकी यह नीति जानबूझकर थी, इसके पीछे मंशा राष्ट्र विरोधी थी।
उन्होंने ने यह दावा भी किया कि राजन शिकॉगो विश्वविद्यालय के अपने ईमेल आईडी के जरिये गोपनीय व संवेदनशील वित्तीय सूचनाएं भेजते रहे हैं जो असुरक्षित है। इसके अलावा वह सार्वजनिक तौर पर भाजपा सरकार का अपमान करते रहे हैं।
स्वामी ने कहा कि उन्होंने रिजर्व बैंक गवर्नर पर जो छह आरोप लगाए हैं, वे प्रथम दृष्टया वे सही हैं। ऐसे में राष्ट्र हित में राजन को तत्काल बर्खास्त किए जाने की जरुरत है। मोदी को एक पखवाड़े में लिखे दूसरे पत्र में स्वामी ने आरोप लगाया कि एक संवेदनशील तथा काफी उंचे सरकारी पद पर होने के बावजूद राजन अपने ‘ग्रीन कार्ड' के नवीकरण के उद्येश्य से लिए बीच बीच में अमेरिका की यात्राएं करते रहे हैं जो नवीनी करण के लिए अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक गवर्नर का पद काफी उंचा होता है और इसके लिए देशभक्ति तथा राष्ट्र के प्रति बिना शर्त वाली प्रतिबद्धता की जरुरत होती है।