दिल्ली पर मेहरबान हुए इंद्र देवता, जमकर बारिश

Update: 2016-07-16 05:30 GMT

नई दिल्ली (भाषा)। राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह भारी बारिश हुई जिसके चलते शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया और यातायात में दिक्कत पेश आई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, ''शनिवार सुबह करीब 60 प्रतिशत शिकायतें जल जमाव के कारण यातायात बाधित होने से संबंधित मिलीं। जसोला, ओखला, अपोलो से आश्रम की ओर, आरटीआर से आईआईटी गेट, चेम्सफोर्ड रोड से पहाडगंज, रिंग रोड सराय काले खान से डीएनडी की ओर जाने वाली रास्तों, सरिता विहार, अशोक विहार, डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर, आईएनए और अन्य जगहों पर दिक्कत पेश आई।    पुलिस ने मोटर सवारों से इन सड़कों से बचने के लिए कहा है।

मौसम विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग वेधशाला में 43.4 मिली मीटर जबकि पालम वेधशाला में 41.66 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। एक अधिकारी ने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसमविद ने दिन भर बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है जिससे आगे तापमान में कमी आएगी। उन्होंने बताया, ''अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।''

 

Similar News