बहराइच परिवर्तन यात्रा रैली में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता को बताएंगे नोटबंदी के फायदे

Update: 2016-12-11 12:43 GMT
नरेंद्र मोदी, फाइल फोटो

बहराइच (आईएएनएस/आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जनता को सम्बोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन यात्रा रैली 11 दिसंबर को प्रस्तावित है। इसके लिए जिले में तैयारियां चल रही हैं। नानपारा-बहराइच मार्ग पर बेगमपुर के निकट विश्वरिया गाँव के मैदान को प्रधानमंत्री की रैली के लिए प्रस्तावित किया गया है। इस रैली स्थल को शासन ने भी हरी झंडी दे दी है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित बहराइच में 11 दिसम्बर को विशाल परिवर्तन रैली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे।’ उन्होंने बताया कि परिवर्तन रैली में विशेष रूप से पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, राष्ट्रीय मंत्री महेन्द्र सिंह शामिल होंगे।

श्रीवास्तव ने बताया कि रैली में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा सांसद विनय कटियार, प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई, अनुपमा जायसवाल, प्रदेश मंत्री संतोष सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मुकुट बिहारी वर्मा, सांसद सावित्री बाई फुले, सांसद बृजभूषण शरण सिंह, सांसद दद्दन मिश्रा, सांसद कीतिर्वधन सिंह, सांसद अजय मिश्र टेनी तथा सांसद रेखा वर्मा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरद्वार दूबे, विधायक व प्रदेश तथा क्षेत्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

इससे पहले मोदी गाजीपुर में 14 नवंबर, आगरा में 20 नवंबर, कुशीनगर में 27 नवंबर, मुरादाबाद में तीन दिसंबर को परिवर्तन रैलियों को संबोधित कर चुके हैं।

Similar News