मैं मुख्यमंत्री पद की होड़ में नहीं : मनोज सिन्हा  

Update: 2017-02-26 16:30 GMT
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ।

बलिया (भाषा)। उत्तर प्रदेश में भाजपा के मुख्यमंत्री पद का कोई चेहरा पेश नहीं किए जाने के बीच रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने आज कहा कि वह मुख्यमंत्री पद की होड़ में नहीं हैं। मनोज सिन्हा ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, ‘‘मैं होड़ में नहीं हूं।'' रेल राज्य मंत्री सिन्हा के पास दूरसंचार विभाग भी है, वह पूर्वांचल के गाजीपुर से सांसद हैं। उन्हें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है। हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने चुनाव बाद ही विधायक दल का नेता चुना।

सिन्हा ने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने देश में सर्वाधिक प्रचलित भ्रष्टाचार शब्द को सरकारी कार्यसंस्कृति से बाहर कर सबसे बड़ा काम किया है। भाजपा के धुर विरोधी भी मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा सके हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘नोटबंदी के फैसले के बाद बसपा मुख्यालय से ट्रक से फटे पोस्टर भेजे गये या काला धन। इसकी जांच होगी। इसके दोषी व्यक्ति को उचित जगह पहुंचाने का इंतजाम किया जाएगा।''

खुद को मुख्यमंत्री की दौड़ से बाहर बताते हुए मनोज सिन्हा ने वर्तमान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज कसा कि ‘काम बोलता है' इस गाने को बदल देना चाहिए और उसकी जगह गीत बनाना चाहिए, ‘भ्रष्टाचार, अपराध और कारनामे बोलते हैं।

Similar News