भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची आज जारी करेगी

Update: 2017-01-20 22:37 GMT
उत्तर प्रदेश का विधान भवन।

लखनऊ। दो दिन के मंथन के बाद भी भारतीय जनता पार्टी की टिकटों की दूसरी सूची नहीं जारी की गई है।

संसदीय कमेटी की दो दिन बैठक के बावजूद दूसरी सूची फाइनल नहीं की जा सकी। अब शनिवार को चिंतन कमेटी की मीटिंग होगी। जिसके बाद में यूपी के लिए दूसरी सूची जारी की जाएगी। इस सूची में सबसे अधिक अहम सीटों के लिए उम्मीदवार फाइनल किये जाने हैं।

बीजेपी की 175 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा चुकी है। जिसमें पहले और दूसरे चरण के लिए उम्मीदवारों के नाम हैं। अब तीसरे और चौथे चरण के लिए करीब 175 उम्मीदवारों के नाम का चयन किया जाना है। जिसको लेकर संसदीय बोर्ड की मीटिंग पहले बृहस्पतिवार की शाम को हुई। जबकि इसके बाद में शुक्रवार की दोपहर को भी मीटिंग जारी रही। मगर अभी भी सूची को फाइनल नहीं किया गया है। अब शनिवार को एक चिंतन बैठक दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में होगी। जिसके बाद में सूची की घोषणा जेपी नड्डा प्रेस वार्ता कर के करेंगे।

टिकट के इच्छुकों की बढ़ी धड़कनें

भाजपा की दूसरी सूची आने में हो रही देरी के चलते टिकट के इच्छुकों की धुकधुकी बनी हुई है। प्रबल उम्मीदवार दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। यहां तक की भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी भी अपने अपने लोगों की पैरोकारी के लिए दिल्ली में जमे हुए हैं। दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पिछले दो दिनों से ऐसा सन्नाटा छाया हुआ है मानो कि चुनाव का समय न हो सामान्य दिन हों। यहां सूची जारी होने के बाद दोबारा हलचल मचेगी।

Similar News