एग्जिट पोल पूरी तरह से भ्रामक व निराधार: कांग्रेस

Update: 2017-03-09 19:42 GMT
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और प्रवक्ता द्विजेन्द्र त्रिपाठी के अनुसार एग्जिट पोल के आंकड़े भ्रामक हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने के तत्काल बाद आया एग्जिट पोल सर्वे भारतीय जनता पार्टी की आखिरी चाल है। एग्जिट पोल में दिए गए तथ्य और आंकड़े पूरी तरह से भ्रामक एवं निराधार है। कांग्रेस पार्टी एग्जिट पोल को पूरी तरह नकारती है। आने वाले 11मार्च को चुनाव नतीजे यह साबित कर देंगे कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस-सपा गठबन्धन के पक्ष में सरकार बनाने के लिए मतदान किया है।

यह कहना है प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और प्रवक्ता द्विजेन्द्र त्रिपाठी का, जिनके अनुसार एग्जिट पोल के आंकड़े भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि जिन एजेंसियों ने विधानसभा चुनाव को लेकर सर्वे किया था और अपना एग्जिट पोल दिखाया है आपस में ही भ्रम पैदा करते हैं क्योंकि प्रत्येक एजेंसियों के आंकड़े अलग-अलग व भारी अन्तर्विरोध से भरे हैं। प्रदेश के लोग भूले नहीं हैं कि इन्हीं एजेंसियों ने इसके पूर्व में दिल्ली प्रदेश व बिहार प्रदेश का सर्वे भी दिखाया था जो कि शत-प्रतिशत गलत साबित हुआ था। कांग्रेस-सपा गठबन्धन को यह पूरा विश्वास है कि प्रदेश की जनता ने विकास, स्थिरता व राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर विश्वास करके प्रदेश में कांग्रेस-सपा गठबन्धन की सरकार बनाने के लिए मतदान किया है जिसके कारण प्रदेश में भारी बहुमत से गठबन्धन की सरकार बननी तय है।

Similar News