समाजवादी पार्टी कांग्रेस गठबंधन पर निर्णय एक-दो दिन में : अखिलेश यादव

Update: 2017-01-17 13:20 GMT
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।

लखनऊ (भाषा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कहा कि वह हमेशा अपने पिता सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ मिलकर चलेंगे और कांग्रेस के साथ गठबंधन पर एक-दो दिन में निर्णय ले लिया जाएगा। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने आज कहा, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस का गठबंधन होगा। अगले 24 घंटे में इसकी घोषणा की जा सकती है।

चुनाव आयोग के समक्ष ‘साइकिल' की लड़ाई में मिली जीत के बाद अखिलेश ने बधाई देने वाले मंत्रियों, विधायकों और समर्थकों के बीच संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि उन्हें सपा का आधिकारिक चुनाव निशान ‘साइकिल' मिलने का पूरा भरोसा था।

उन्होंने कहा कि अब उनके सामने विधानसभा चुनाव जीतने की चुनौती है, वह कल रात अपने पिता मुलायम से आशीर्वाद लेने गए थे। वह हमेशा उन्हें साथ लेकर चलेंगे। यह रिश्ता अटूट है, अगला चुनाव उनके मार्गदर्शन में लड़ा जाएगा। ‘‘अब मुझ पर बड़ी जिम्मेदारी है, इसके लिए सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का सहयोग चाहिए।''

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की सम्भावना के सवाल पर कहा कि इस तालमेल पर निर्णय एक-दो दिन में ले लिया जाएगा। इस बारे में औपचारिक ऐलान लखनऊ में किया जाएगा।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि अभी इसके लिए इंतजार करना होगा।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री कांग्रेस के साथ गठबंधन की हिमायत बार-बार करते रहे हैं, उनका कहना है कि वैसे तो सपा अपने दम पर सरकार बनाने लायक बहुमत हासिल कर लेगी, लेकिन अगर कांग्रेस का साथ मिला तो वह 403 में से 300 से ज्यादा सीटें जीत लेगी।

Similar News