मोदी की तरह अपने मन की नहीं बल्कि जनता के मन की बात सुनते हैं अखिलेश : राहुल गांधी

Update: 2017-01-29 20:01 GMT
लखऩऊ में विजय रथ पर सवार अखिलेश और राहुल गांधी।

लखनऊ (भाषा)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ठीक विपरीत अपने मन की बात नहीं करते, बल्कि जनता के मन की बात सुनते हैं।

राहुल ने अखिलेश के साथ यहां ‘रोड शो' के समापन पर उपस्थित जनसमूह से कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन युवाओं का संगठन है, यह भविष्य का संगठन है, मिलकर हम इस प्रदेश को बदल देंगे। यहां पर विकास के बड़े कार्य होंगे। भाजपा बदले की बात करती है, हम युवा हैं, हम बदलाव की बात करते हैं।

लखनऊ में रोड शो में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी व समाजवादी पार्टी अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।

उन्होंने विधानसभा चुनाव के बाद अखिलेश के नेतृत्व में फिर से सरकार बनने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा ‘‘अखिलेश जी आपने एक बात गलत कही। आपने कहा कि अगर हमारी सरकार बनी तो हम फलां काम करेंगे। मैं कहता हूं कि अखिलेश जी आपकी ही सरकार आएगी। एक युवा मुख्यमंत्री बनेगा।''

राहुल ने कहा, ‘‘मोदी जी सिर्फ एक व्यक्ति की सरकार चलाते हैं, वह लोगों की सुनते नहीं, अपने मन की बात सुनाते हैं, अखिलेश यादव अपने मन की बात नहीं करते, बल्कि आपके मन की बात सुनते हैं। कांग्रेस और सपा एक साथ मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे और यूपी को हम बदलकर दिखाएंगे।''

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने नोटबंदी के मामले पर प्रधानमंत्री मोदी की नीयत पर सवाल उठाए। सपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मौके पर जनता से अपील की कि वह सपा-कांग्रेस गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को चुनाव में जीत दिलाए।

इसके पूर्व, साझा प्रेस कांफ्रेंस के बाद राहुल और अखिलेश लखनऊ शहर का दिल कहे जाने वाले हजरतगंज पहुंचे और वहां स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद वे ‘यूपी विजय रथ' पर सवार होकर रोड शो करने के लिये निकले। यह रोडशो कैसरबाग, मौलवीगंज और नक्खास होते हुए रुमी गेट के आगे घंटाघर के पास सम्पन्न हुआ।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह राहुल और अखिलेश पर फूलों की बारिश भी की गयी। घरों की छतों पर भी लोगों का हुजूम देखा गया।

Similar News