भाजपा की परिवर्तन यात्रा का चौथा चरण बलिया में बुधवार को होगा शुरू 

Update: 2016-11-08 13:05 GMT
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह।

लखनऊ (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा का चौथा चरण नौ नवंबर को बलिया से शुरू होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बलिया में रहेंगे और परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले चुनावी यात्राओं का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में भाजपा की परिवर्तन यात्रा का चौथा चरण नौ नवंबर को बलिया से शुरू होगा। इस मौके पर पार्टी के कई दिग्गज नेता व मंत्री उपस्थित रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरीश श्रीवास्तव ने बताया कि सत्ता परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प लिए भाजपा की परिवर्तन यात्रा के उद्घाटन के दौरान होने वाली जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बलिया में रहेंगे।

उनके अतिरिक्त केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र, राष्ट्रीय मंत्री एवं परिवर्तन यात्रा संयोजक डॉ. महेन्द्र सिंह व केन्द्रीय राज्यमंत्री मनोज सिन्हा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
हरीश श्रीवास्तव प्रदेश प्रवक्ता भाजपा

इनके अतिरिक्त गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ, सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रताप शुक्ला, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष स्वाति सिंह, विधायक रीता बहुगुणा जोशी एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रीराम चौहान जनसभा को संबोधित करेंगे।

परिवर्तन जनसभा बलिया के पॉलीटेक्निक मैदान से नौ नवम्बर को सुबह 11 बजे शुरू होगी और परिवर्तन रथ रवाना होगा।

गौरतलब है कि इससे पूर्व भाजपा की तीन परिवर्तन यात्राएं क्रमश: सहारनपुर, झांसी व सोनभद्र से अलग-अलग विधानसभाओं के लिए रवाना हो चुकी हैं। इन परिवर्तन यात्राओं के जरिए भाजपा उप्र की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेगी और जनता को मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएगी।


Similar News