लखनऊ (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश में समाजवादी परिवार में मची कलह को सुलझाने की समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की कोशिश मंगलवार को भी जारी है। शिवपाल सिंह यादव ने तीनों बर्खास्त मंत्रियों के साथ मंगलवार को पार्टी मुखिया मुलायम से मुलाकात की।
इसके बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी उनसे मिलने पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, शिवपाल सहित तीन बर्खास्त मंत्रियों की फिर से अखिलेश मंत्रिमंडल में वापसी हो सकती है।
गौरतलब है कि शिवपाल सिंह यादव के साथ ओम प्रकाश सिंह, नारद राय और शादाब फातिमा को भी मुख्यमंत्री ने बर्खास्त कर दिया था।
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार सुबह कार्यालय में बैठक की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को पांच नवंबर को होने वाले रजत जयंती समारोह व आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा है।
बैठक की जानकारी देते हुए मंत्री गायत्री प्रजापति ने बताया अब पार्टी में सब ठीक चल रहा है। पांच नवंबर के कार्यक्रम को लेकर बैठक हुई है ।
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की तुलना भगवान शंकर से करते हुए कहा कि पूरी पार्टी उन्हीं में समाहित है और अब सब कुछ ठीक हो गया है। पांच नवंबर को लखनऊ के जनेश्वर मिश्रा पार्क में होने वाली रजत जयंती समारोह में देशभर के नेताओं को कार्यक्रम में बुलाया गया है। अमर सिंह को भी आमंत्रित किया गया है।गायत्री प्रसाद प्रजापति मंत्री
पार्टी और परिवार में मची कलह पर उन्होंने कहा अब सब कुछ सही हो गया है। अब कोई विवाद नहीं है। परिवार में मचे अंतर्कलह के लिए प्रजापति ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, भाजपा के लोग साजिश करके प्रदेश में लोगों को गुमराह कर रहे हैं।