मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय पहुंचे और अपने कमरे में लगाया ताला 

Update: 2017-01-08 13:46 GMT
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव।

लखनऊ (भाषा)। समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने आज दिल्ली रवाना होने से पहले अपने भाई शिवपाल सिंह यादव के साथ पार्टी राज्य मुख्यालय पर पहुंचकर सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद मुलायम सिंह यादव ने राज्य मुख्यालय स्थित अपने कमरे का ताला बंद कर गए।

मुलायम सुबह कुछ देर के लिए शिवपाल के साथ पार्टी राज्य मुख्यालय पर पहुंचे और हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने नारे लगा रहे कार्यकर्ताओं से कहा कि नारे लगाने के बजाय क्षेत्र में जाकर काम करें। लोहिया के आदर्शों को धूमिल नहीं होने दिया जाएगा।

सपा और यादव परिवार में जारी खींचतान के बारे में पूछे जाने पर मुलायम ने कहा ‘‘हमारी पार्टी में कोई विवाद नहीं है।'' बाद में वह शिवपाल के साथ दिल्ली रवाना हो गए।

इस बीच, यह भी खबर आई कि मुलायम राज्य मुख्यालय स्थित अपने कमरे का ताला बंद कर गए। इस बारे में पूछे जाने पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष (अखिलेश गुट) नरेश उत्तम ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया, मगर कहा कि दफ्तर से मुलायम और शिवपाल की नेम प्लेट कभी नहीं हटाई गई थीं।

उन्होंने कहा ‘‘अखिलेश जी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और हम उनके नाम पर ही चुनाव लड़ेंगे। उन्हें सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया था।''

Similar News