समाजवादी पार्टी अधिवेशन में अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया

Update: 2017-01-01 12:44 GMT
लखनऊ में आज लगी राष्ट्रीय अधिवेशन की होर्डिंग बदली-बदली और अखिलेश के आसपास सिमटी नजर आ रही हैं।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के लखनऊ में हुए अधिवेशन में रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया। मुलायम और शिवपाल की गैर मौजूदगी में हो रहे इस अधिवेशन में शिवपाल को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है जबकि अमर सिंह को पार्टी से निकाल दिया गया है। वहीं समाजवादी पार्टी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने अधिवेशन को असंवैधानिक करार दिया।

समाजवादी पार्टी (सपा) में जारी सियासी कलह के बीच पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव की ओर से रविवार को यहां बुलाए गए सपा के आपात राष्ट्रीय अधिवेशन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। अखिलेश को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पार्टी महासचिव रामगोपाल ने रखा। उन्होंने अधिवेशन में मौजूद लोगों से हाथ उठाकर इसका समर्थन जताने को कहा, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ उठाकर अपना समर्थन जताया।

पार्टी में तीन अन्य प्रस्ताव भी लाए गए, जिनमें से एक मुलायम को सपा का 'मार्गदर्शक' बनाने का प्रस्ताव था। एक अन्य प्रस्ताव में शिवपाल सिंह यादव को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की बात कही गई, जबकि एक अन्य प्रस्ताव में अमर सिंह को सपा से बर्खास्त करने की बात कही गई। अधिवेशन में मौजूद प्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ इन प्रस्तावों का समर्थन किया और हाथ उठाकर समर्थन जताया।

Similar News